साप्ताहिक समीक्षा-सोयाबीन
15-Nov-2025 08:20 PM
बेहतर कारोबार के साथ सोयाबीन के प्लांट डिलीवरी मूल्य में तेजी
नई दिल्ली। मंडियों में आवक कम होने तथा उत्पादों में अच्छी मांग रहने से 8-14 नवम्बर वाले सप्ताह के दौरान क्रशिंग- प्रोसेसिंग इकाइयों द्वारा सोयाबीन की खरीद में अच्छी दिलचस्पी दिखा गई जिससे इसके प्लांट डिलीवरी मूल्य में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई।
प्लांट भाव
सोयाबीन का प्लांट डिलीवरी भाव मध्य प्रदेश में 4600-4700 रुपए प्रति क्विंटल, महाराष्ट्र में 4750-4900 रुपए प्रति क्विंटल तथा राजस्थान में 4750 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। उल्लेखनीय है कि सोयाबीन के लिए मध्य प्रदेश में भावान्तर योजना लागू है जबकि महाराष्ट्र में 14 नवम्बर तक न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों से सोयाबीन की सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई थी। कीमतों में सुधार आने के बावजूद सोयाबीन का प्लांट डिलीवरी भाव 5328 रुपए प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य से काफी नीचे रहा।
सोया तेल
सोयाबीन का भाव सुधरने से सोया रिफाइंड तेल के दाम में भी कुछ वृद्धि दर्ज की गई। मध्य प्रदेश के मंदसौर में यह 13 रुपए बढ़कर 1245-1250 रुपए प्रति 10 किलो हो गया। सोया तेल के मूल्य में कोटा तथा हल्दिया में 15-15 रुपए तथा मुम्बई एवं कांडला में 10-10 रुपए प्रति 10 किलो का सुधार आया। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में भी कुछ तेजी रही जिसका असर घरेलू बाजार पर देखा गया।
आवक
प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में सोयाबीन की अच्छी आवक हो रही है। 10 नवम्बर को आपूर्ति बढ़कर 9 लाख बोरी पर पहुंची जबकि 11 एवं 12 नवम्बर को इसकी मात्रा 8.50-8.50 लाख बोरी दर्ज की गई। सोयाबीन की प्रत्येक बोरी 100 किलो या 1 क्विंटल की होती है।
सोया खल (डीओसी)
महाराष्ट्र में आलोच्य सप्ताह के दौरान सोया डीओसी में काफी अच्छा कारोबार हुआ जिससे इसके दाम में 2000-3000 रुपए प्रति टन तक की वृद्धि दर्ज की गई। वहां एक प्लांट में इसका दाम 3500 रुपए उछलकर 38,500 रुपए प्रति टन पर पहुंच गया। अधिकांश प्लांटों में भाव 34,000 रुपए प्रति टन या इससे ऊपर ही रहा। महाराष्ट्र में 15 नवम्बर से मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के अंतर्गत किसानों से सोयाबीन की सरकारी खरीद आरंभ हो गई है।
