साप्ताहिक समीक्षा- सोयाबीन

10-Jan-2026 08:15 PM

क्रशिंग इकाइयों की मजबूत मांग से सोयाबीन में अच्छी तेजी 

नई दिल्ली। प्रमुख मंडियों में माल की आवक सीमित होने, महाराष्ट्र एवं राजस्थान में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सरकारी खरीद जारी रहने तथा क्रशिंग-प्रोसेसिंग इकाइयों द्वारा अच्छी लिवाली किए जाने से 3-9 जनवरी वाले सप्ताह के दौरान सोयाबीन का प्लांट डिलीवरी मूल्य 100-200 रुपए की तेजी के साथ 5000 रुपए प्रति क्विंटल से ऊपर पहुंच गया। हिंगोली की एक इकाई में यह 5300 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा जो 5328 रुपए प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य से कुछ नीचे है। 
राजस्थान  
राजस्थान के कोटा की इकाइयों में सोयाबीन का दाम 125 रुपए की बढ़ोत्तरी के साथ 5000-5500 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। सोयाबीन की कीमतों में आई अच्छी तेजी के कारण सोया रिफाइंड तेल के दाम में भी मध्य प्रदेश में 15 से 30 रुपए प्रति 10 किलो तथा महाराष्ट्र में 20 से 40 रुपए प्रति 10 किलो की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। 
सोया तेल (रिफाइंड) 
सोया रिफाइंड तेल का भाव मुम्बई में 10 रुपए तथा हल्दिया में 15 रुपए सुधरकर 1270 रुपए, कोटा में 30 रुपए बढ़कर 1310 रुपए तथा कांडला में 35 रुपए बढ़कर 1285 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में भी सोयाबीन डीगम तेल की कीमतों में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई। दिसम्बर 2025 के दौरान भारत में सोयाबीन तेल का आयात काफी बढ़ा जबकि जनवरी में भी आयात अच्छा होने का अनुमान है।
आवक 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर मंडियों में 3 जनवरी को 2.60 लाख बोरी, 5 जनवरी को 3.10 लाख बोरी, 6 जनवरी को भी 3.10 लाख बोरी, 7 और 8 जनवरी को 3.50-3.50 लाख बोरी तथा 9 जनवरी को 3.80 लाख बोरी सोयाबीन की आवक हुई जबकि इसकी प्रत्येक बोरी 100 किलो या 1 क्विंटल की होती है। महाराष्ट्र में सोया डीओसी का भारी कारोबार हुआ जिससे इसके दाम में 2000-3000 रुपए प्रति टन तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।