आपूर्ति बढ़ने के बावजूद धान का भाव तेज- चावल में भी भारी वृद्धि
नई दिल्ली। अनेक मंडियों में नए धान की जोरदार आवक होने वाली है जबकि राइस मिलर्स एवं व्यापारी इसकी भारी खरीद भी कर रहे हैं। चावल में भी जबरदस्त मांग देखी जा रही है। 26 सितम्बर से 2 अक्टूबर वाले सप्ताह के दौरान धान-चावल के दाम में 600-700 रुपए प्रति क्विंटल की शानदार बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
आवक
दिल्ली की नरेला मंडी में 30-40 हजार बोरी, नजफगढ़ में 2500 बोरी, छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा एवं राजिम मंडी में क्रमश: 3-4 हजार बोरी एवं 2-3 हजार बोरी, पंजाब के अमृतसर में 80-90 हजार, तरन तारन में 70-80 हजार, फाजिल्का में 5/7 हजार, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में 15 हजार, जहांगीराबाद में 28-35 हजार, शाहजहांपुर में 50 हजार अलीगढ़ में 50-60 हजार, खैर में 50--60 हजार, हरियाणा में गोहाना में 10-15 हजार तथा महाराष्ट्र के गोंडिया में 2 हजार बोरी धान की दैनिक आवक हुई। इसके तहत खासकर 1509 कम्बाइन धान की आपूर्ति ज्यादा हुई और इसका कारोबार बेहतर होने से कीमतों में अच्छी तेजी दर्ज की गई।
चावल
कर्नाटक के रायचूर मार्केट में विभिन्न किस्मों एवं श्रेणियों के चावल के दाम में 400 से 800 रुपए प्रति क्विंटल तक की भारी बढ़ोत्तरी देखी गई। वहां कम स्टॉक के साथ चावल का उत्पादन भी घटने की संभावना है जबकि इसकी मांग काफी मजबूत बनी हुई है।
पंजाब / अमृतसर
पंजाब के अमृतसर में भी चावल की कीमतों में 100 से 550 रुपए प्रति क्विंटल तक का इजाफा दर्ज किया गया। बासमती चावल की घरेलू एवं निर्यात मांग सुधरने के संकेत मिल रहे हैं। वैसे होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही अब भी सुरक्षित नहीं मानी जा रही है।
उत्तराखंड
उत्तराखंड की नगर मंडी में चावल का भाव शांत रहा लेकिन हरियाणा की बेंचमार्क करनाल मंडी में चावल का जोरदार कारोबार हुआ और कीमतों में 500-600 रुपए प्रति क्विंटल तक की बढ़ोत्तरी हो गई। गोंडिया मार्केट भी स्थिर रहा। गैर बासमती चावल के निर्यात में अच्छी बढ़ोत्तरी होने के संकेत मिल रहे हैं।