साप्ताहिक समीक्षा-धान-चावल

23-Nov-2024 07:32 PM

चावल की बेहतर निर्यात मांग के सहारे धान का भाव तेज 

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार द्वारा बासमती चावल एवं गैर बासमती सफेद चावल के लिए नियत क्रमश: 950 डॉलर एवं 490 डॉलर प्रति टन के न्यूनतम निर्यात मूल्य (मेप) को समाप्त करने, सेला चावल पर लागू 20 प्रतिशत के निर्यात शुल्क को वापस लेने तथा सफेद चावल के शुल्क मुक्त निर्यात की अनुमति देने का सकारात्मक असर अब धान की कीमतों पर दिखाई पड़ने लगा है। 
कटाई-तैयारी  
सभी प्रमुख उत्पादक राज्यों में धान की खरीफ कालीन फसल की कटाई-तैयारी आरंभ हो चुकी है और मंडियों में आवक भी बढ़ती जा रही है लेकिन इसके बावजूद 14 से 20 नवम्बर वाले सप्ताह के दौरान धान के दाम में सामान्य से लेकर भारी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। गैर बासमती धान की खरीद सरकारी एजेंसियों के साथ-साथ व्यापारिक फर्मों द्वारा की जा रही है जबकि बासमती धान केवल मिलर्स प्रोसेसर्स एवं व्यापारियों द्वारा खरीदा जा रहा है। 
दिल्ली 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में 1718 धान का भाव 225 रुपए बढ़कर 4000 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा जबकि 1121 एवं 1509 धान के दाम में भी करीब 50 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा हुआ। नजफगढ़, भाटापाड़ा एवं राजिम मंडी में धान की कीमत 50-100 रुपए मजबूत हुई जबकि अमृतसर में 1121 का भाव 278 रुपए, 1509 का दाम 400 रुपए तथा 1718 का मूल्य 507 रुपए उछलकर क्रमश: 4413 रुपए प्रति क्विंटल, 2650 रुपए प्रति क्विंटल तथा 3883 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया जिससे किसानों को काफी राहत मिली। पंजाब, हरियाणा एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सभी किस्मों एवं श्रेणियों के धान की आपूर्ति होने लगी है। लेकिन हरियाणा की टोहाना मंडी में 1401 धान का दाम 525 रुपए लुढ़ककर 3470 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। 
चावल 
जहां तक चावल का सवाल है तो इसके दाम में आमतौर पर नरमी का माहौल रहा और कहीं-कहीं तो इसमें जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। कर्नाटक के रायचूर  में चावल की कीमतों में 1000/1100 रुपए प्रति क्विंटल तक की भारी गिरावट आई। पंजाब के अमृतसर में कुछ किस्मों के बासमती चावल में निर्यातकों की अच्छी मांग से कीमतों में 100-200 रुपए का सुधार आया। 1509 स्टीम चावल का दाम 200 रुपए बढ़कर 6800/6850 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। उत्तराखंड की नगर मंडी में भी चावल के मूल्य में 200-300 रुपए का इजाफा हुआ लेकिन हरियाणा के करनाल तथा दिल्ली के नया बाजार में चावल का सुस्त कारोबार होने से भाव शांत बना रहा।