साप्ताहिक समीक्षा-धान-चावल
01-Feb-2025 08:31 PM
मिलर्स-निर्यातकों की लिवाली से धान-चावल के दाम में सुधार
नई दिल्ली। चावल का निर्यात जोर पकड़ने से बासमती धान की खरीद में मिलर्स एवं निर्यातक अच्छी दिलचस्पी दिखा रहे हैं जिससे 25-31 जनवरी वाले सप्ताह के दौरान इसके मूल्य में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। इसके तहत दिल्ली की नरेला मंडी में 1509 हैण्ड धान का भाव 250 रुपए बढ़कर 28.50 रुपए प्रति क्विंटल तथा 1847 का दाम 200 रुपए बढ़कर 2700 रुपए प्रति क्विंटल हो गया।
छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा मंडी में भी श्रीराम भोग एवं विष्णु भोग धान के दाम में 200-200 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा दर्ज किया गया। नरेला मंडी में धान की अच्छी आवक हो रही है मगर अन्य मंडियों में आपूर्ति घट गई है।
यूपी / पंजाब
पंजाब के तरन तारन में 1718 धान की कीमत में 120 रुपए का सुधार आया और उत्तर प्रदेश की एटा मंडी में भी विभिन्न किस्मों के धान के दाम में 100-150 रुपए की वृद्धि हुई। शाहजहांपुर में 100 रुपए की तेजी देखी गई। वहां 5-7 हजार बोरी धान की दैनिक आवक हो रही है। खैर मंडी में भी अच्छी मात्रा में धान आ रहा है।
चावल
जहां तक चावल का सवाल है तो इसका निर्यात प्रदर्शन जोर पकड़ने लगा है। मुस्लिम बहुल देशों में रमजान की मांग निकलने लगी है जबकि अफ्रीकी देशों में सस्ते भारतीय चावल का आयात बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। घरेलू प्रभाग में चावल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और भारतीय मुद्रा की विनिमय दर भी अनुकूल है। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान भाटापाड़ा में विष्णु भोग चावल का भाव 300 रुपए बढ़कर 8500/8700 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा।
दिल्ली
इसके अलावा दिल्ली के नया बाजार, हरियाणा के करनाल, उत्तराखंड के नगर, छत्तीसगढ़ के राजिम तथा पंजाब के अमृतसर में चावल का भाव या तो पुराने स्तर पर स्थिर रहा या 50-100 रुपए प्रति क्विंटल सुधर गया। सरकार सभी किस्मों एवं श्रेणियों के साबुत चावल के निर्यात को पहले ही नियंत्रणों प्रतिबंधों एवं शुल्कों से मुक्त कर चुकी है जिससे निर्यातकों को इसका अनुबंध एवं शिपमेंट करने की पूरी स्वतंत्रता मिल गई है।
