साप्ताहिक समीक्षा-धान-चावल

26-Apr-2025 08:32 PM

सामान्य कारोबार के बीच धान-चावल के दाम में सीमित तेजी-मंदी 
 
नई दिल्ली। उत्तरी भारत की विभिन्न मंडियों में धान की सीमित आवक हो रही है और मिलर्स तथा निर्यातकों की मांग ज्यादा नहीं है। 
दिल्ली 
19-25 अप्रैल वाले सप्ताह के दौरान यद्यपि दिल्ली की नरेला मंडी में धान की अच्छी आवक हुई लेकिन फिर भी कीमतों में 25-50 रुपए प्रति क्विंटल का सुधार दर्ज किया गया। दूसरी ओर छत्तीसगढ़ की राजिम मंडी में 700-1500 बोरी के बीच दैनिक आवक के साथ धान का भाव 60 रुपए नरम पड़ गया। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में भी लगभग ऐसी ही स्थिति रही जहां 400-500 बोरी की आवक के बीच धान के दाम में 50 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। 
आवक 
लेकिन शाहजहांपुर में धान की अच्छी लिवाली हुई। वहां धान की दैनिक आवक 1000 से 2000 बोरी के बीच हुई जबकि 1121 का भाव 200 रुपए तथा 1509 का दाम 100 रुपए तेज हो गया। पी आर 26 में भी 50 रुपए का सुधार आया। अलीगढ़ एवं डिबाई मंडी में भी धान की आवक हुई मगर सुस्त कारोबार के कारण भाव स्थिर बना रहा। 
राजस्थान  
राजस्थान की बूंदी एवं कोटा मंडी में धान की अच्छी आपूर्ति हो रही है। 19 से 25 अप्रैल वाले सप्ताह  के दौरान बूंदी मंडी में 10-15 हजार बोरी तथा कोटा मंडी में 5-6 हजार बोरी धान की दैनिक आवक हुई। कोटा में भाव लगभग स्थिर रहा मगर बूंदी में 1509 का भाव 150 रुपए बढ़कर 2750/2850 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। 
चावल 
जहां तक चावल सवाल है तो अधिकांश मंडियों में इसकी अधिकतम किस्मों का कारोबार सुस्त और भाव स्थिर रहा। छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा मंडी में एचएमटी चावल का भाव 100 रुपए गिरकर 5600 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया लेकिन पंजाब के अमृतसर में 1509 सेला एवं स्टीम के भाव में 50-50 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि दर्ज की गई। लेकिन राजिम मंडी में विभिन्न किस्मों एवं श्रेणियों के चावल के दाम में 150-200 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। 
उत्तराखंड 
उत्तराखंड की नगर मंडी में खरीदारों की सक्रियता से कुछ किस्मों के चावल का भाव 100-200 रुपए प्रति क्विंटल तेज रहा। बूंदी मंडी में भी 100-150 रुपए की तेजी रही। इसी तरह दिल्ली के नया बाजार में अधिकांश श्रेणियों के चावल का मूल्य 100 रुपए ऊपर चढ़ गया।