साप्ताहिक समीक्षा-धान-चावल

04-Oct-2025 08:09 PM

अनेक मंडियों में नए धान की जोरदार आवक से कीमतों में सीमित उतार-चढ़ाव  

नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में खरीफ कालीन धान और खासकर 1509 पूसा बासमती धान की जोरदार आवक होने लगी है और इसमें कारोबार भी संतोषजनक हो रहा है इसलिए कीमतों में सीमित उतार-चढ़ाव के साथ काफी हद तक स्थिरता बनी हुई है। ध्यान देने की बात है कि बासमती धान के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का निर्धारित नहीं होता है इसलिए इसकी कीमतों में उतार-चढ़ाव सिर्फ बाजारी शक्तियों पर निर्भर रहता है। 
दिल्ली 
27 सितंबर से 3 अक्टूबर वाले सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में धान की दैनिक आवक बढ़ने हुए 60 हजार बोरी तक पहुंच गई और अच्छे कारोबार के कारण 1509 कम्बाइन धान का भाव 50 रुपए सुधरकर 2955 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। नजफगढ़ मंडी में भी 29 सितम्बर को 4 हजार बोरी धान आया था। उधर छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा एवं राजिम मंडी में 4000-5000 बोरी धान की दैनिक आपूर्ति हो रही है और कीमतों में काफी हद तक स्थिरता का माहौल बना हुआ है।  
पंजाब / अमृतसर 
पंजाब के अमृतसर में 27 सितम्बर को एक लाख बोरी तथा 29 सितम्बर को सवा लाख बोरी धान आया था मगर बाद में इसकी मात्रा घटकर 60 हजार बोरी के करीब रह गई। वहीं तरन तारन मंडी में तकरीबन 70 हजार बोरी धान पहुंच रहा है। वहां 1509 धान का भाव 100 रुपए गिरकर 2700/3080 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। 
उत्तर प्रदेश 
उत्तर प्रदेश के एटा मैनपुरी, शाहजहांपुर, अलीगढ तथा डिबाई में धान की आवक लगातार तेजी से बढ़ती जा रही है। हरियाणा की कुछ मंडियों में भी नया धान आने लगा है। जहां तक सामान्य श्रेणी के धान का  सवाल है तो इसकी आपूर्ति का नया सीजन 1 अक्टूबर 2025 से आरंभ हो चुका है मगर पंजाब में नई फसल की कटाई में कुछ देर हो रही है। जल्दी ही इसकी प्रक्रिया शुरू हो सकती है बशर्ते मौसम साफ रहे।
चावल 
जहां तक चावल की बात है तो इसकी कीमतों में मिश्रित रुख देखा जा रहा है समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान भाटापाड़ा में एचएमटी एवं श्री राम चावल का भाव 100-100 रुपए प्रति क्विंटल कमजोर रहा। लेकिन पंजाब के अमृतसर में 1509 सेला एवं स्टीम के मूल्य में 50-100 रुपए की मजबूती देखी गई। 
उत्तराखंड 
उत्तराखंड की नगर मंडी में कार्रोबारियों की मांग कमजोर रहने से 1509 स्टीम चावल का भाव 250 रुपए घटकर 6650 रुपए प्रति क्विंटल तथा 1509 सेला चावल का दाम 450 रुपए लुढ़ककर 5950 रुपए प्रति प्रति क्विंटल रह गया। राजस्थान की बूंदी मंडी में भी चावल की कीमत 100-300 रुपए प्रति क्विंटल घट गया। 
दिल्ली 
दिल्ली के नए बाजार में शरबती सेला, सुगंधा सेला तथा सुगंधा स्टीम चावल के दाम में 100 रुपए प्रति क्विंटल की घट-बढ़ देखी गई