साप्ताहिक समीक्षा- धान-चावल
03-Jan-2026 07:26 PM
मांग एवं आपूर्ति के अनुरूप धान-चावल की कीमतों में उतार-चढ़ाव
नई दिल्ली। देश के प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में बासमती तथा 'ए' ग्रेड धान की आपूर्ति का पीक सीजन अंतिम दौर में चल रहा है जबकि मिलर्स-प्रोसेसर्स एवं निर्यातकों की खरीद के अनुरूप कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। चावल का निर्यात प्रदर्शन संतोषजनक है और भारतीय रुपए की विनिमय दर चावल निर्यात के लिए अनुकूल बनी हुई है। पश्चिम एशिया, मध्य एशिया तथा खाड़ी क्षेत्र के मुस्लिम बहुल देशों में बासमती चावल में शीघ्र ही रमजान की मांग जोर पकड़ने की संभवना है।
सरकारी खरीद
सामान्य श्रेणी के धान की ज्यादातर खरीद सरकारी एजेंसियों द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों से की जा रही है जबकि बासमती धान उद्योग-व्यापार क्षेत्र द्वारा खरीदा जा रहा है क्योंकि इसके लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का निर्धारण नहीं होता है और न ही सरकारी एजेंसियां आमतौर पर इसकी खरीद करती हैं।
दिल्ली
27 दिसम्बर से 2 जनवरी वाले सप्ताह के दौरान धान की दैनिक आवक दिल्ली की नरेला मंडी में 10-20 हजार बोरी तथा नजफगढ़ मंडी में 5-7 हजार बोरी दर्ज की गई लेकिन कमजोर कारोबार के कारण कीमतों में नरमी देखी गई। छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा एवं राजिम मंडियों में अलग-अलग 1000-1200 बोरी धान की दैनिक आवक हुई मगर सीमित कारोबार के साथ कीमतों में स्थिरता देखी गई।
पंजाब / अमृतसर
पंजाब की मंडियों- अमृतसर, फाजिल्का एवं तरन तारन में धान की आवक नहीं हुई लेकिन उत्तर प्रदेश की विभिन्न मंडियों और खासकर एटा, मैनपुरी, जहांगीराबाद, शाहजहांपुर, अलीगढ तथा खैर आदि में अच्छी आवक एवं बेहतर कारोबार के साथ धान के दाम में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। हरियाणा की तरावड़ी मंडी में 1121 धान के दाम में 300 रुपए तथा सुगंधा धान के मूल्य में 200 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। राजस्थान के कोटा एवं बूंदी में धान की जोरदार आवक हुई और कीमतों में नरमी या स्थिरता देखी गई।
चावल
चावल का भाव अधिकांश मंडियों / व्यापारिक केन्द्रों में पिछले स्तर पर ही स्थिर बना रहा। इसकी खरीद-बिक्री की गति कुछ सुस्त देखी गई। अमृतसर में दो-तीन किस्मों के चावल का भाव 100-150 रुपए कमजोर रहा। उत्तराखंड की नगर मंडी शांत रही मगर राजस्थान के बूंदी में चावल का भाव 100-150 रुपए तेज रहा। दिल्ली के नया बाजार में कारोबार सुस्त देखा गया।
