सरकारी एजेंसियों द्वारा पंजीकृत किसानों से दलहनों की खरीद जारी

08-Jan-2026 12:06 PM

नई दिल्ली। दो केन्द्रीय एजेंसियों- नैफेड एवं एनसीसीएफ द्वारा देश के विभिन्न राज्यों में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर तुवर, उड़द एवं मूंग की खरीद सीधे उन किसानों से की जा रही है जो अपना रजिस्ट्रेशन पहले ही करवा चुके हैं।

इसके तहत एनसीसीएफ द्वारा उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात और कर्नाटक में किसानों से उड़द एवं तुवर की तथा नैफेड द्वारा महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश एवं कर्नाटक में तुवर की खरीद की जा रही है। रबी कालीन दलहन फसलों- चना एवं मसूर की खरीद आगामी महीनों में शुरू की जाएगी। 

इस बीच केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने प्रमुख उत्पादक राज्यों की सरकार को पत्र भेजकर उससे दलहनों की सरकारी खरीद के लिए मंडी टैक्स एवं अन्य शुल्क को स्थगित रखने का आग्रह किया है। मंत्रालय का कहना है कि मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के अंतर्गत प्रांतीय स्तर की एजेंसियों द्वारा किसानों से केन्द्रीय मूल्य  के लिए खरीद कालीन दलहनों की खरीद पहले से ही की जा रही है जबकि अब नैफेड तथा एनसीसीएफ जैसी केन्द्रीय एजेंसियों ने भी इसकी सीधी खरीद शुरू कर दी है। इससे अधिक से अधिक दलहन उत्पादों को समर्थन मूल्य का लाभ हासिल हो सकेगा। 

कृषि मंत्रालय के मुताबिक प्रांतीय एजेंसियों के साथ-साथ केन्द्रीय एजेंसियों की सक्रियता भी आरंभ होने से दलहन उत्पादकों को अपने स्टॉक की बिक्री के लिए ज्यादा विकल्प प्राप्त हो सकेगा।

इससे सरकारी क्रय केन्द्रों पर भीड़ को घटाने में मदद मिलेगी और किसानों को लम्बा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। प्रमुख उत्पादक राज्यों में महत्वपूर्ण कृषि उत्पाद विपणन समिति (एपीएमसी) के मंडी परिसरों में क्रय केन्द्र खोले गए है जिससे किसानों को काफी राहत मिलेगी। 

वर्तमान समय में नैफेड के पोर्टल पर 11.80 लाख तथा एनसीसीएफ के पोर्टल पर 16 लाख किसान पंजीकृत हैं जिससे दलहनों की खरीद आरंभ की गई है।