Home News
25-Sep-2026 01:39 PM
सस्काटून। कनाडा के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक प्रान्त- सस्कैचवान में विभिन्न फसलों की कटाई-तैयारी का सिलसिला तो जारी है मगर पूर्वी तथा पश्चिमी भाग में बेमौसमी बारिश होने तथा खेतों में पानी जमा हो जाने से इसमें बाधा पड़ रही है और उसकी क्वालिटी भी प्रभावित हो रही है।
सस्कैचवान प्रान्त में 21 सितम्बर 2026 तक केवल 41 प्रतिशत क्षेत्र में फसलों की कटाई संभव हो सकी जो पंचवर्षीय औसत 82 प्रतिशत तथा 10 वर्षीय औसत 73 प्रतिशत से बहुत पीछे है। राज्य के दक्षिण-पश्चिम भाग में 67 प्रतिशत, मध्य पश्चिमी क्षेत्र में 45 प्रतिशत, दक्षिण-पूर्वी हिस्से में 38 प्रतिशत पूर्व मध्य इलाके में 29 प्रतिशत, पश्चिमोत्तर भाग में 26 प्रतिशत तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र में 24 प्रतिशत फसल की कटाई पूरी हुई है।
प्रांतीय स्तर पर सरसों की 63 प्रतिशत, कैनोला की 26 प्रतिशत, सोयाबीन की 10 प्रतिशत तथा अलसी की 7 प्रतिशत फसल काटी जा चुकी है। इसी तरह दलहन फसलों में मसूर की 92 प्रतिशत, मटर की 91 प्रतिशत तथा चना (काबुली सहित) की 32 प्रतिशत फसल कट चुकी है। मुख्य अनाजी फसलों में 61 प्रतिशत क्षेत्र में जौ, 55 प्रतिशत में ड्यूरम गेहूं, 33 प्रतिशत में जई तथा 32 प्रतिशत क्षेत्र में वसंतकालीन गेहूं की फसल की कटाई हुई है। राज्य के विभिन्न राज्यों में बारिश का दौर अभी जारी है।