सस्कैचवान में मुख्य फसलों की बिजाई लगभग पूरी

06-Jun-2025 12:52 PM

सस्काटून। कनाडा के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक प्रान्त- सस्कैचवान में बारिश का अभाव होने के बावजूद प्रमुख फसलों की बिजाई की रफ्तार सामान्य बनी रही और अब बिल्कुल अंतिम चरण में पहुंच गई। आमतौर पर सस्कैचवान के किसान मटर, मसूर एवं गेहूं की बिजाई पहले पूरी करते हैं और उसके बाद जौ, कैनोला तथा अन्य फसलों की खेती पर ध्यान देते हैं। वहां काबुली चना, सरसों एवं जई की खेती अपेक्षाकृत कम क्षेत्रफल में होती है। सोयाबीन एवं मक्का की बिजाई सबसे अंत में की जाती है। 

राज्य कृषि विभाग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार 2 जून 2025 तक सस्कैचवान में मटर की 100 प्रतिशत, मसूर की 97 प्रतिशत तथा काबुली चना की 92 प्रतिशत बिजाई पूरी हो चुकी थी। इसी तरह तिलहन फसलों के संवर्ग में कैनोला की बिजाई 97 प्रतिशत, सरसों की 96 प्रतिशत तथा सोयाबीन की 74 प्रतिशत क्षेत्र में समाप्त हो गई थी। गेहूं की बिजाई भी 99 प्रतिशत चिन्हित क्षेत्र में पूरी हो गई। इसी तरह 97 प्रतिशत क्षेत्र में जौ तथा 94 प्रतिशत क्षेत्र में जई की खेती पूरी होने की सूचना मिल रही है। 

हालांकि सस्कैचवान प्रान्त के कई भागों में मौसम शुष्क होने से किसानों को विभिन्न फसलों की खेती करने में असुविधा हुई लेकिन फिर भी प्रांतीय स्तर पर करीब 95 प्रतिशत भाग में बिजाई का कार्य  सम्पन्न करने में सफलता मिल गई। शेष क्षेत्रफल में भी बिजाई का प्रयास किया जा रहा है और मध्य जून तक इसका अभियान लगभग समाप्त हो जाने की संभावना है। फसल के विकास के लिए अनेक इलाकों में जल्दी से जल्दी अच्छी वर्षा की सख्त आवश्यकता है। यदि भारी बारिश नहीं हुई तो औसत उपज दर में गिरावट आ सकती है। सस्कैचवान प्रान्त में अधिकांश कृषि उत्पादों का बड़े पैमाने पर विदेशों में निर्यात किया जाता है।