सुस्त उठाव के चलते मुक्तसर मंडी में लगा गेहूं का अम्बार
29-Apr-2025 01:00 PM
मुक्तसर। पंजाब की विभिन्न अनाज मंडियों में (सरकारी क्रय केन्द्रों पर) गेहूं की विशाल आवक तथा खरीद हो रही है मगर खरीदे गए माल के उठाव की गति सुस्त होने एवं आवक का प्रवाह जारी रहने से कई मंडियों में गेहूं का विशाल अम्बार लग गया है।
इसमें मुक्तसर की मंडियां भी शामिल हैं। इस जिले के क्रय केन्द्रों पर खरीदे गए गेहूं के सिर्फ 40 प्रतिशत भाग का ही उठाव हो पाया है जबकि शेष 60 प्रतिशत गेहूं का स्टॉक अभी वहीं पड़ा हुआ है।
इससे किसानों की वहां अपना नया स्टॉक उतारने में काफी दिक्कत हो रही है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्तमान रबी मार्केटिंग सीजन के दौरान मुक्तसर जिले की मंडियों में अभी तक 6 लाख टन से अधिक गेहूं पहुंच चुका है
जिसमें से 5.79 लाख टन से कुछ अधिक गेहूं की खरीद भी हो चुकी है। लेकिन इस कुल खरीद में से केवल 2.35 लाख टन गेहूं को वहां से हटाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया है जबकि 3.44 लाख टन का स्टॉक अब भी वहां मौजूद है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पहले गेहूं के उठाव की गति सामान्य थी लेकिन पिछले कुछ दिनों के अंदर इसकी जोरदार आवक हुई और खरीद पर ज्यादा ध्यान दिए जाने से स्टॉक का उठाव कुछ धीमा पड़ गया।
उठाव की गति बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। अक्सर ऐसा होता है कि जब अचानक गेहूं की आवक तेजी से बढ़ती है तब कुछ समय के लिए मंडियों में इसका अम्बार लग जाता है मगर धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो जाती है।
ध्यान देने की बात है कि पंजाब की मंडियों में प्राय: मध्य अप्रैल से गेहूं की जबरदस्त आपूर्ति होने लगती है जो मध्य मई तक जारी रहती है। मंडियों में जगह नहीं मिलने पर गेहूं के स्टॉक को श्मशान घाट पर रखने के लिए विवश होना पड़ा।
