सात खरीफ फसलों का भाव एमएसपी से नीचे और तीन का दाम ऊपर
09-Dec-2024 04:33 PM
नई दिल्ली । केन्द्र सरकार द्वारा 2024-25 के मार्केटिंग सीजन हेतु निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की तुलना में सात महत्वपूर्ण फसलों (जिंसों) का औसत मंडी भाव नीचे चल रहा है और केवल तीन उत्पादों का दाम ही एमएसपी से ऊपर है।
प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक सोयाबीन का औसत भाव 4168 रुपए प्रति क्विंटल चल रहा है जो न्यनतम समर्थन मूल्य 4892 रुपए प्रति क्विंटल से 14.8 प्रतिशत नीचे है।
इसी तरह मूंगफली का औसत भाव 5372 रुपए प्रति क्विंटल है जो 6783 रुपए प्रति क्विंटल से 20.8 प्रतिशत कम है। सूरजमुखी का दाम 5704 रुपए तथा नाइजरसीड का भाव 7652 रुपए प्रति क्विंटल है जबकि इसका न्यूनतम समर्थन मूल्य क्रमश: 7280 रुपए प्रति क्विंटल तथा 8717 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
केन्द्र सरकार खरीफ सीजन में 14 फसलों के लिए एमएसपी की घोषणा करती है। इसमें से आधी या 50 प्रतिशत (7) फसलों का औसत मंडी भाव फसल की कटाई-तैयारी के दो शुरूआती महीनों में यानी अक्टूबर-नवम्बर 2024 के दौरान समर्थन मूल्य की तुलना में कम से कम 10 प्रतिशत नीचे रहा और केवल तीन फसलों-अरहर (तुवर), तिल तथा गैर बासमती धान का दाम ही न्यूनतम समर्थन मूल्य से ऊपर दर्ज किया गया।
कपास का दाम एमएसपी के करीब ही रहा। गैर बासमती धान का भाव विभिन्न राज्यों में अलग-अलग चल रहा था। लेकिन जब अखिल भारतीय स्तर पर इसके औसत दाम का आंकलन किया गया तब वह 2345 रुपए प्रति क्विंटल बैठा जो 2300 रुपए प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य से करीब 2 प्रतिशत ज्यादा था।
एगमार्कनेट (कृषि मंत्रालय की एक इकाई) के पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों से पता चलता है कि मक्का का औसत दाम भी 2225 रुपए प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य से इस अवधि (अक्टूबर-नवम्बर- 2024) में 3.1 प्रतिशत नीचे रहा।
लेकिन केवल चार राज्यों - महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं उड़ीसा में दाम नीचे रहा जबकि कर्नाटक में लगभग बराबर और तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में मक्का का भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य से ऊंचा देखा गया। दलहनों में उड़द एवं मूंग का भाव समर्थन मूल्य से नीचे जबकि तुवर का दाम एमएसपी से ऊपर दर्ज किया गया।
