सितंबर-नवंबर के दौरान ऑस्ट्रेलिया से 3.91 लाख टन मसूर का निर्यात
14-Jan-2026 01:27 PM
मेलबोर्न। अक्टूबर से नए माल की आवक शुरू होने के बाद नवंबर से ऑस्ट्रेलिया से मसूर का भारी निर्यात शुरू हो गया। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार ऑस्ट्रेलिया से सितंबर 2025 में 75 हजार टन मसूर का निर्यात हुआ था जो अक्टूबर में घटकर 45 हजार टन पर आने के बाद नवंबर में उछलकर 2.70 लाख टन पर पहुंच गया और इसकी बदौलत सितंबर -नवंबर 2025 की तिमाही में इसका कुल शिपमेंट बढ़कर 3.91 लाख टन पर पहुंचा।
इस अवधि में भारत ऑस्ट्रेलियाई मसूर का सबसे बड़ा खरीददार बना रहा। भारत में ऑस्ट्रेलिया से कुल 1,91,128 टन मसूर का आयात हुआ जिसके तहत सितंबर में 33,905 टन, अक्टूबर में 3140 टन तथा नवंबर में 1,54,083 टन का आयात शामिल था इसके आलावा सितंबर-नवंबर 2025 की तिमाही के दौरान ऑस्ट्रेलिया से बांग्लादेश को करीब 94 हजार टन, मिश्र और नेपाल को 11-11 हजार टन, पाकिस्तान को 31 हजार टन, श्रीलंका को 27 हजार टन तथा संयुक्त अरब अमीरात (यू ए ई) को लगभग 23 हजार टन मसूर का निर्यात हुआ जबकि इसकी शेष मात्रा का शिपमेंट अन्य देशो को किया गया।
2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन के दौरान ऑस्ट्रेलिया में मसूर का उत्पादन तेजी से बढ़कर सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान है जिससे वहां इसका विशाल निर्यात योग्य स्टॉक उपलब्ध रहेगा। इसके फलस्वरूप मसूर के अंतराष्ट्रीय निर्यात बाजार में कनाडा और ऑस्ट्रेलिया के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा जारी रहने की संभावना है।
ऑस्ट्रेलिया में नई मसूर की जोरदार आवक हो रही है। अक्टूबर की तुलना में नवंबर के दौरान वहां से इस महत्वपूर्ण दलहन का निर्यात करीब 6 गुना बढ़ गया पिछले साल ऑस्ट्रेलिया में भयंकर सूखा पड़ने से मसूर के उत्पादन में भारी गिरावट आ गई थी और नवम्बर 2024 में इसका निर्यात भी घटकर 46 हजार टन पर अटक गया था।
