सितम्बर में भी सामान्य औसत से अधिक बारिश होने की संभावना
02-Sep-2024 10:46 AM
नई दिल्ली । भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चालू माह के दौरान भी सामान्य औसत से अधिक वर्षा होने की संभावना व्यक्त की है।
इस तरह वर्तमान मानसून सीजन में यह लगातार तीसरा महीना होगा जब देश में दीर्घकालीन औसत (एलपीए) से ज्यादा बारिश होगी।
मौसम विभाग के मुताबिक सितम्बर में एलपीए के सापेक्ष 109 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान है। इससे पूर्व अगस्त में 15.7 प्रतिशत अधिशेष बारिश हुई।
मौसम विभाग के महानिदेशक के मुताबिक सितम्बर 2024 के दौरान देश के कुछ भागों में सामान्य औसत से कम वर्षा होने की संभावना है जिससे पश्चिमोत्तर क्षेत्र का अंतिम सिरा, दक्षिणी प्रायद्वीप के कई के कई इलाके,
उत्तरी बिहार एवं उत्तरी-पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्से भी शामिल हैं। देश के शेष भागों में सामन्य या सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है।
महानिदेशक के अनुसार उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के कई भागों, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान एवं मध्य प्रदेश के पश्चिमोत्तर क्षेत्र में भारी से अत्यन्त भारी वर्षा होने की आशंका है जिससे वहां बाढ़ का गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
इसके साथ-साथ पर्वतीय क्षेत्रों में भू स्खलन, मड स्लाइड (कीचड़ प्रवाह) तथा भूमि के खिसकने (लैंड स्लिप) की आशंका भी बनी रहेगी जिससे सावधान रहने की जरूरत है
मौसम विभाग के मुताबिक सितम्बर माह में प्रत्येक सप्ताह के दौरान बंगाल की खाड़ी में कम दाब का क्षेत्र बनने की उम्मीद है जिससे देश के विभिन्न भागों में भारी वर्षा का दौर जारी रह सकता है।
