सितम्बर में खाद्य तेलों का आयात गत वर्ष से 51 प्रतिशत अधिक होने का अनुमान

03-Oct-2025 04:09 PM

मुंबई। एक अग्रणी उद्योग विश्लेषक का कहना है की सितम्बर 2025 के दौरान भारत में खाद्य तेलों का कुल आयात 16 लाख टन के आसपास हुआ जो अगस्त की तुलना में कुछ कम मगर सितम्बर 2025 के मुकाबले लगभग 51 प्रतिशत अधिक है। अगस्त के मुकाबले सितम्बर में पाम तेल का आयात कुछ कम हुआ। साल्वेंट एक्सट्रेक्टर्स एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया (सी) के आकड़ों से पता चलता है कि अगस्त माह के दौरान देश में वनस्पति तेल का कुल आयात 17 लाख टन हुआ था जिसमें खाद्य तेल की भागीदारी 16.10 लाख टन रही थी। सितम्बर 2025 के लिए एसोसिएशन द्वारा अभी खाद्य तेलों का आयात का आकडा जारी नहीं किया गया है। एसोसिएशन के मुताबिक चालू मार्केटिंग सीजन के शुरूआती 10महीनों में यानी नवम्बर 2024 से अगस्त 2025 के दौरान देश में खाद्य तेलों का कुल आयात 12.7 लाख टन तक ही पहुँच सका जो 2023-24 के मार्केटिंग सीजन की समानअवधि के आयात 137 लाख टन से 10लाख टन या करीब 7 प्रतिशत कम रहा।
जीजीएन रिसर्च के अनुसार अगस्त की तुलना में सितम्बर के दौरान भारत में पाम तेल का सकल आयात 16 प्रतिशत घटकर 8.29 लाख टन पर अटकने का अनुमान है लेकिन यह आकड़ा सितम्बर 2024 के कमजोर आयात से 57 प्रतिशत अधिक है। दूसरी ओर सोयाबीन तेल का आयात उछलकर 5.03 लाख टन पर पहुंच जाने की सम्भावन है जो अगस्त 2025 के आयात से 37 प्रतिशत तथा सितम्बर 2024 के आयात से 31 प्रतिशत अधिक है। इस तरह सितम्बर 2025 में सोयाबीन तेल का आयात बढ़कर अब तक के दूसरे सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। एक ख़ास बात यह है की सितम्बर माह के दौरान भारत में चीन से भी 11 हजार टन सोयाबीन तेल का आयात किया गया। अगस्त की तुलना में सितम्बर माह के दौरान सूरजमुखी तेल का आयात 6 प्रतिशत सुधरकर 2.72 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है जो गत 8 माह का सबसे ऊंचा स्तर है। सितम्बर 2024 के मुकाबले सितम्बर 2025 के दौरान सूरजमुखी तेल के आयात में 78 प्रतिशत की जोरदार बढ़ोत्तरी हुई।