शानदार उत्पादन एवं बेहतर सरकारी खरीद से गेहूं की आपूर्ति सुगम रहने की उम्मीद

26-Apr-2025 01:57 PM

नई दिल्ली। 2024-25 के रबी सीजन के लिए केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने 1154.30 लाख टन तथा उद्योग संगठन- फ्लोर मिलर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने करीब 1100 लाख टन गेहूं के घरेलू उत्पादन की संभावना व्यक्त की है। दोनों का अनुमान अपने-अपने आधार पर उत्पादन का नया रिकॉर्ड स्तर है।

2023-24 के सीजन में सरकार ने 1132.90 लाख टन गेहूं का उत्पादन आंका था। चालू वर्ष के दौरान गेहूं की आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति बेहतर रहने की उम्मीद है क्योंकि सरकारी एजेंसियों के साथ-साथ उद्यमियों / व्यापारियों द्वारा भी इसकी अच्छी खरीद की जा रही है। सरकारी खरीद 200 लाख टन पर पहुंच चुकी है। 

खाद्य मंत्रालय ने इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर कुल 312.70 लाख टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य रखा है जो पिछले साल की कुल वास्तविक खरीद 266.05 लाख टन से काफी अधिक है। पिछले साल इस समय तक 140 लाख टन से भी कम गेहूं खरीद हुई थी।

पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में खरीद की रफ्तार तेज है और मात्रा भी गत वर्ष से आगे चल रही है। इस वर्ष 24 अप्रैल तक पंजाब में 68.40 लाख टन, हरियाणा में 58.90 लाख टन तथा मध्य प्रदेश में 56.50 लाख टन गेहूं खरीदा जा चुका था। मध्य प्रदेश में पिछले रबी मार्केटिंग सीजन की सम्पूर्ण अवधि में 48.40 लाख टन गेहूं की खरीद हो सकी थी। 

राजस्थान में 8.80 लाख टन गेहूं की सरकारी खरीद हुई है जबकि गत वर्ष की समान अवधि में 2.60 लाख टन से भी कम खरीद हुई थी। वहां इस बार कुल 20 लाख टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य रखा गया है जबकि खरीद का लक्ष्य पंजाब में 124 लाख टन, हरियाणा में 75 लाख टन, मध्य प्रदेश में 60 लाख टन तथा उत्तर प्रदेश में 30 लाख टन निर्धारित हुआ है।

उत्तर प्रदेश में उद्योग- व्यापार क्षेत्र गेहूं की खरीद में अच्छी सक्रियता दिखा रहा है जिससे कीमतों में कुछ सुधार के संकेत मिल रहे हैं। व्यापार विश्लेषकों के मुताबिक शाहजहांपुर मंडी में गेहूं का भाव 2600-2650 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया है

जिससे प्रतीत होता है कि वहां अच्छी क्वालिटी के माल की आवक ज्यादा हो रही है। लेकिन एगमार्कनेट पोर्टल के आंकड़ों से पता चलता है कि चालू माह के दौरान वहां गेहूं का थोक मंडी भाव 2450 से 2500 रुपए के बीच ही रहा।