तेलंगाना में 8 लाख टन मक्का की सरकारी खरीद का प्लान
12-Nov-2025 01:06 PM
हैदराबाद। थोक मंडी भाव में गिरावट आने से उत्पादकों को होने वाले आर्थिक नुकसान को देखते हुए तेलंगाना सरकार ने 2025-26 के वर्तमान खरीफ मार्केटिंग सीजन में 8 लाख टन मक्का खरीदने का प्लान बनाया है। इसके लिए राज्य में 125 क्रय केन्द्र खोले गए हैं
जहां केन्द्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर इसकी खरीद की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। उल्लेखनीय है कि मक्का का एमएसपी 2024-25 सीजन के 2225 रुपए प्रति क्विंटल से 175 रुपए बढ़ाकर 2025-26 सीजन के लिए 2400 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया गया है। सरकारी खरीद होने से किसानों को काफी राहत मिल रही है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार तेलंगाना में पिछले खरीफ सीजन के दौरान महज 60 हजार हेक्टेयर में मक्का की खेती हुई थी जबकि चालू वर्ष के दौरान क्षेत्रफल 2 लाख हेक्टेयर बढ़कर 2.60 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया।
फसल की हालत काफी अच्छी होने से राज्य में इस बार मक्का का उत्पादन तेजी से बढ़कर 11.50 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है जिसमें से 8 लाख टन की खरीद सरकार द्वारा की जाएगी।
तेलंगाना में पहले न्यूनतम समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ मक्का की खरीद की उच्चतम सीमा 18 क्विंटल नियत की गई थी लेकिन औसत उपज दर में हुई भारी बढ़ोत्तरी को देखते हुए
राज्य सरकार ने इस सीमा को बढ़ाकर 25 क्विंटल नियत कर दिया है जिससे किसानों को भारी राहत मिलने की उम्मीद है। इस निर्णय के बाद अब तेलंगाना में प्रत्येक किसान से प्रति एकड़ 25 क्विंटल के मक्का की खरीद की जाएगी।
तेलंगाना के कृषि मंत्री ने केन्द्र सरकार से मक्का खरीद योजना में सहयोग- समर्थन देने की आपील की है। उन्होंने केन्द्रीय कृषि मंत्री को पत्र भेजकर इस मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है।
इसी तरह मक्का की क्वालिटी एवं उसमें नमी की उपस्थिति से सम्बन्धित नियमों शर्तों में राहत-रियायत देने का अनुरोध भी किया गया है ताकि किसानों को अपना उत्पाद बेचने में कठिनाई न हो बाढ़ वर्षा से राज्य में फसल को कुछ क्षति की खबर है।
