तेलंगाना में फाइन चावल का वितरण जनवरी से होगा आरंभ

19-Nov-2024 04:48 PM

हैदराबाद । तेलंगाना के नागरिक आपूर्ति विभाग के आयुक्त ने कहा है कि राज्य में फाईन ग्रेड के चावल का वितरण जनवरी 2025 से शुरू होने जा रहा है जिससे 2.81 करोड़ लाभार्थियों को फायदा होगा। सरकार द्वारा इस प्रोग्राम के लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिया गया है।

कमिश्नर के अनुसार चालू सीजन में अब तक 13.13 लाख टन धान की खरीद हुई है जिस पर 3045.76 करोड़ रुपए का खर्च बैठा है। किसानों को 9.21 करोड़ रुपए के बोनस का भुगतान भी किया गया है जबकि तकनीकी समस्याओं के कारण कुछ भुगतान में देर हो गई है। 23 नवम्बर तक फैन वैरायटी धान के लिए 90 प्रतिशत किसानों को बोनस का भुगतान कर दिया जाएगा।

अभी तक जो 13-13 लाख टन धान खरीदा गया है उसमें 10.11 लाख टन सामान्य श्रेणी तथा तथा 3.02 लाख टन 'ए' ग्रेड या फाईन वैरायटी का धान शामिल है। 

कमिश्नर के अनुसार धान की खरीद प्रणाली में कुछ खामियां थी जिसे दूर करने के लिए आवश्यक उपाय किए गए हैं। पुरानी नीति से सरकारी खजाने पर बेवजह दबाव पड़ रहा था। यह नया सुधार नागरिक आपूर्ति मंत्री के नेतृत्व में गठित कैबिनेट उप समिति की सिफारिशों के आधार पर लागू किया गया है। 

चूंकि चालू वर्ष के दौरान तेलंगाना में धान का उत्पादन बढ़कर सर्वोच्च स्तर पर पहुंचने की उम्मीद है इसलिए सरकार ने किसानों से इसकी खरीद के लिए क्रय केन्द्रों की संख्या भी बढ़ाकर 8,066 तक पहुंचा दी है जो एक नया रिकॉर्ड है। धान की खरीद में व्याप्त खामियों को दूर करने के लिए बैंक गारंटी मांगी जा रही है।

पुरानी नीतियों के कारण निगम पर 58,623 करोड़ रुपए का कर्ज हो गया था जिसे अब 11608.40 करोड़ रुपए घटाकर 47,014.68 करोड़ रुपए पर लाया गया है।

जब मिल्ड चावल की वापसी हो जाएगी और किसी अन्य पैरामीटर्स के साथ कोई जुड़ाव नहीं रहेगा तब बैंक गारंटी वापस कर दी जाएगी। तेलंगाना केन्द्रीय पूल में चावल का योगदान देने वाला एक अग्रणी राज्य है।