तेलंगाना में कपास की खरीद यथाशीघ्र शुरू करने का आग्रह
01-Oct-2025 05:33 PM
हैदराबाद। तेलंगाना सरकार ने केन्द्रीय कपड़ा मंत्री से अपील की है कि भारतीय कपास निगम (सीआईआई) को राज्य में 1 अक्टूबर से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर किसानों से रूई की खरीद शुरू करने का निर्देश दिया जाए।
चालू वर्ष के दौरान तेलंगाना में करीब 17.52 लाख हेक्टेयर में कपास की खेती हुई है और वहां रूई का उत्पादन 24.70 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है।
तेलंगाना के कृषि मंत्री का कहना है कि अधिकांश कपास उत्पादक छोटे एवं मध्यम दर्जे के किसान है और उनकी आजीविका रूई की सरकारी खरीद पर अटकी हुई है। रूई का थोक मंडी भाव नीचे चल रहा है इसलिए सीसीआई को यथाशीघ्र न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों से इसकी खरीद आरंभ करनी चाहिए।
पिछले सप्ताह राज्य सरकार ने सीसीआई के प्रतिनिधियों, जिनिंग मिल एसोसिएशन तथा विपणन विभाग के अधिकारियों के साथ एवं मीटिंग आयोजित की थी जिसमें चालू सीजन के दौरान राज्य में कपास के उत्पादन तथा किसानों के लिए मूल्य प्राप्ति के परिदृश्य पर किसान से चर्चा की गई।
कृषि मंत्री के अनुसार यद्यपि भारतीय कपास निगम ने दो बार टेंडर जारी किया मगर जिनिंग इकाइयां उसमें शामिल नहीं हुई क्योंकि उन्हें निगम के नए दिशा निर्देश में मौजूद कुछ नियमों शर्तों से कठिनाई हो रही है।
कृषि मंत्री ने विपणन विभाग को क्रय केन्द्रों पर निगरानी समिति गठित करने का निर्देश दिया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कपास उत्पादकों को सही समय पर अपने उत्पाद का उचित मूल्य प्राप्त हो सके।
