तेलंगाना में सीएमआर चावल की डिलीवरी की समय सीमा बढ़ी

10-Dec-2024 10:32 AM

हैदराबाद । केन्द्रीय खाद्य, उपभोक्ता मामले तथा सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने तेलंगाना में 2023 के कृषि मार्केटिंग सीजन वाले कस्टम मिल्ड चावल (सीएमआर) की डिलीवरी के लिए अंतिम समय सीमा को 15 दिसम्बर 2024 तक बढ़ा दिया है।

इसका मतलब यह हुआ कि तेलंगाना सरकार अब मध्य दिसम्बर तक केन्द्रीय पूल में चावल की आपूर्ति कर सकती है। लेकिन इसके साथ ही मंत्रालय ने राज्य सरकार को यह सुनिश्चित करने के लिए भी कहा है कि इसमें 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन का चावल शामिल होना चाहिए।

इसके अलावा चावल की जो खेप केन्द्रीय पूल के लिए भेजी जाएगी उसकी क्वालिटी खाद्य मंत्रालय द्वारा निर्धारित मानकों एवं विनिर्देशों के अनुरूप होनी चाहिए। 

मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा 9 दिसम्बर को भेजे गए एक पत्र में राज्य सरकार से कहा गया है कि वह तेलंगाना के नागरिक आपूर्ति आयुक्त को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दे कि चावल की रिसाइक्लिंग न हो सके।

कहने का मतलब यह है कि पीडीएस में वितरण के लिए  जो चावल भेजा जाता है उसे सीएमआर चावल बताकर दोबारा उसे केन्द्रीय पूल में जमा करने का प्रयास न किया जाए। चावल की डिलीवरी में होने वाली किसी भी हेराफेरी को रोकने के लिए उसकी उम्र का परीक्षण करने के लिए भी कहा गया है। 

दरअसल केन्द्रीय पूल में चावल का योगदान देने वाले अग्रणी राज्यों में शामिल तेलंगाना में सीएमआर चावल की डिलीवरी का मामला लम्बे समय से चला आ रहा है और अनेक बार इसकी समय सीमा बढ़ाई गई।

वहां से ऐसी शिकायत भी मिल रही थी कि मिलर्स चावल की आपूर्ति  करने में लापरवाही दिखा रहे हैं। अब वहां वर्तमान खरीफ मार्केटिंग सीजन के धान की सरकारी खरीद भी आरंभ हो गई है और इसकी मिलिंग के बाद केन्द्रीय पूल में चावल की आपूर्ति आरंभ हो जाएगी।