त्यौहारी सीजन की मजबूत मांग से नारियल गोला का भाव तेज होने के आसार

10-Sep-2024 11:30 AM

नई दिल्ली । पिछले साल की तुलना में चालू वर्ष के दौरान घरेलू उत्पादन बेहतर होने से नारियल गोला की कीमतों में की महीनों से नरमी का माहौल बना हुआ था और उत्पादकों को औने-पौने दाम पर अपना उत्पाद बेचने के लिए विवश होना पड़ रहा था।

समझा जाता है कि गत छह माह के दौरान सस्ते दाम पर नारियल गोला के लगभग दो-तिहाई स्टॉक का कारोबार हो गया और अब जो स्टॉक बचा हुआ है उसमें त्यौहारी मांग निकलने लगी है।

इसके फलस्वरूप नारियल गोला (खाद्य कोपरा) के दाम में तेजी-मजबूती का माहौल बन रहा है। कम स्टॉक एवं मजबूत मांग से नवरात्रि तक इसके भाव में 25-30 रुपए प्रति किलो की अतिरिक्त तेजी आने की उम्मीद है जबकि 10-15 रुपए प्रति किलो का इजाफा पहले ही हो चुका है।

ध्यान देने की बात है कि नारियल गोले के नए माल की आवक फरवरी-मार्च में आरंभ हो जाती है। माल का स्टॉक ज्यादा होने से दक्षिणी भारत के प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में इसका भाव सीजन के आरंभ से लेकर अगस्त  तक 85 से 110 रुपए प्रति किलो के बीच घूमता रहा। अब गोले के साथ-साथ नारियल की अमंग भी बढ़ने लगी है।

समझा जाता है कि प्रोसेसिंग प्लांटों के पास सूखे नारियल को लम्बा-चौड़ा स्टॉक मौजूद नहीं है और वहां दाम भी बढ़ाया जा रहा है।

उधर पूर्वी भारत में और खासकर बंगाल, बिहार, झारखंड तथा आसाम आदि में दुर्गा पूजा के लिए नारियल की मांग  निकलने लगी है। नारियल का भाव ऊंचा होने पर गोला की कीमतों को भी कुछ समर्थन मिल सकता है।

उत्तरी क्षेत्र के प्रमुख खपत केन्द्रों में नारियल गोला का दाम आगामी समय में बढ़कर (खासकर दिल्ली में) यदि 180-190 रुपए प्रति किलो तक पहुंच जाए तो कोई हैरानी की बात नहीं होगी।

समझा जाता है कि जयपुर, इंदौर एवं ग्वालियर जैसे केन्द्रों में भारी वर्षा के कारण गोला के पुराने स्टॉक की क्वालिटी खराब हो गई है।

उत्पादक मंडियों में भी गोला की आपूर्ति का ज्यादा दबाव नहीं देखा जा रहा है।  दीपावली तक खपत का सीजन बना रहेगा।