थोड़े-बहुत कारोबार के साथ कनाडा में काबुली चना का भाव स्थिर
12-Dec-2024 12:23 PM
टोरंटो । कनाडा के काबुली चना बाजार में थोड़ी बहुत कारोबारी सक्रियता एवं हलचल पिछले कुछ दिनों से देखी जा रही है लेकिन कीमतों में काफी हद तक स्थिर बनी हुई है।
नम्बर 2 क्वालिटी के स्टैंडर्ड काबुली चना (जिसमें 9 मि०मी० आकार वाले दाने का अंश कम से कम 20 प्रतिशत अवश्य हो) का कारोबार मध्य नवम्बर से ही 40-41 सेंट प्रति पौंड के एफओबी फार्म मूल्य स्तर पर हो रहा है।
आगामी नई फसल के लिए इसका मूल्य घटकर 30-32 सेंट प्रति पौंड पर आरंभिक चरण में आ सकता है। उल्लेखनीय है कि कनाडा में नई फसल के लिए चना की बिजाई अगले साल अप्रैल-मई में होगी।
फिलहाल कनाडाई निर्यातकों को वैश्विक निर्यात बाजार में एक तरफ अर्जेन्टीना के काबुली चना और दूसरी ओर ऑस्टेलिया के देसी चना की प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा अमरीका में बेहतर उत्पादन होने से काबुली चना के आयात की आवश्यकता घट गई है। आरंभिक संकेतों से पता चलता है कि अगले साल कनाडा में काबुली चना का रकबा या तो स्थिर रह सकता है या उसमें मामूली बढ़ोत्तरी हो सकती है।
वहां रूट रोट कीट के प्रकोप की आशंका भी बनी हुई है। हालांकि पिछले साल के मुकाबले चालू वर्ष के दौरान कनाडा में काबुली चना तथा ऑस्ट्रेलिया में देसी चना के उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी होने का अनुमान है मगर स्टैट्स कैन और अबारेस ने जो आंकड़ा प्रस्तुत किया है वह उद्योग-व्यापार क्षेत्र के अनुमान से काफी बढ़ा है जिससे कीमतों पर दबाव पड़ने के संकेत मिल रहे हैं।
भारत में चना की बिजाई गत वर्ष से आगे चल रही है और फसल की हालत आम तौर पर सामान्य रहने की उम्मीद है। मौसम यदि अनुकूल रहा तो उत्पादन में कुछ सुधार आ सकता है।
इससे उत्तरी अमरीका महाद्वीप के उत्पादक देशों में काबुली चना का भाव प्रभावित होने की संभावना बढ़ जाएगी छोटे दाने वाले काबुली चना का भाव 35 सेंट प्रति पौंड के करीब चल रहा है।
