दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना

02-Jan-2026 06:05 PM

चेन्नई। वैश्विक मौसम एजेंसियों के साथ-साथ भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने भी कहा है कि उत्तर पूर्व मानसून की सक्रियता के कारण दक्षिण भारत के कई भागों में नए साल (2026) के प्रथम सप्ताह के दौरान हल्की या सामान्य बारिश हो सकती है।

इसकी शुरुआत हो चुकी है। जिन इलाकों में वर्षा होने की संभावना है उसमें तमिलनाडु का दक्षिणी भाग एवं तटवर्ती क्षेत्र, पांडिचेरी और उससे दक्षिण का भाग तथा केरल का अधिकांश इलाका सम्मिलित है।

वर्ष 2025 के अंतिम सप्ताह में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन श्री लंका की ओर बढ़ रहा था लेकिन बाद में यह पूरब दिशा की ओर घूमकर आगे बढ़ने लगा जो अब भारतीय सीमा में प्रवेश कर गया। 

इसके फलस्वरूप पिछले सप्ताह कई इलाकों में वर्षा हुई और चालू सप्ताह के शुरुआती दो दिनों के दौरान अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में बारिश हुई। अब बारिश का रुझान श्रीलंका एवं तमिलनाडु तट की ओर देखा जा रहा है। निकोबार में 10 सें०मी० तक की जोरदार बारिश दर्ज की गई। 

आगामी कुछ दिनों के लिए अंडमान-निकोबार, सोमालिया तट, मन्नार की खाड़ी एवं इससे सटे कोमोरिन के कुछ भागों में तेज हवा के साथ बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।

आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना में भी पिछले कुछ दिनों के दौरान वर्षा हुई। 1 अक्टूबर से 29 दिसम्बर 2025 के दौरान पूरब में तेलंगाना एवं रायल सीमा से लेकर पश्चिम में लक्षद्वीप तक उत्तर-पूर्व मानसून की काफी अच्छी वर्षा हुई।

इस अवधि में सामान्य औसत के मुकाबले तेलंगाना में 45 प्रतिशत तथा रॉयल सीमा (आंध्र प्रदेश) में 34 प्रतिशत अधिशेष बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, यानम, तटीय कर्नाटक एवं तमिलनाडु में भी सामान्य से ज्यादा वर्षा दर्ज की गई।