Home News

दक्षिण भारत में वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना

21-Oct-2026 05:20 PM

दक्षिण भारत में वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना

नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) का कहना है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहे कम दाब के क्षेत्र के प्रभाव से तमिलनाडु, पांडीचेरी एवं कराईकल में अत्यन्त भारी वर्षा होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर अगले सप्ताह भी एक कम दाब का क्षेत्र बनने तथा सघन होने की संभावना है जिससे वर्षा का दौर आगे भी जारी रहने की उम्मीद है इससे दक्षिणी राज्यों में दूर-दूर तक अच्छी वर्षा हो सकती है। 

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल तटीय पट्टी में दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश के कालावी से लेकर तमिलनाडु के कुड्डालोर तक और सम्पूर्ण पाक स्ट्रेट तक कम ऊंचाई वाले सघन बदल छाए हुए हैं जो निकटवर्ती बंगाल की खाड़ी के ऊपर निर्मित कम दाब के क्षेत्र की वजह से बने हैं। दक्षिणी प्रायद्वीप में उत्तर पूर्व मानसून काफी उग्र रूप में सक्रिय है जिससे कई इलाकों में अत्यन्त जोरदार बारिश हो रही है और आगे भी इसका सिलसिला जारी रह सकता है। 

दक्षिणी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और इसके समीपवर्ती तमिलनाडु के पास एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है जिससे हवा का तेज प्रवाह भी संभव है। एक ट्रफ उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ रहा जिससे कई क्षेत्रों में भारी वर्षा होने की उम्मीद है। इससे न केवल खरीफ फसलों को राहत मिलेगी बल्कि रबी फसलों की बिजाई के लिए खेतों की मिटटी में नमी का पर्याप्त अंश भी मौजूद रह सकता है।