दक्षिणी राज्यों के 43 जलाशयों में 82 प्रतिशत पानी का स्टॉक मौजूद
30-Aug-2024 08:24 PM
तिरुअनन्तपुरम । देश के दक्षिणी क्षेत्र में 43 जलाशयों में 44.771 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) पानी का स्टॉक मौजूद है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता का 82 प्रतिशत है।
हालांकि तमिलनाडु में पिछले सप्ताह के मुकाबले जल स्तर में कुछ कमी आई है लेकिन फिर भी यह कुल क्षमता के 91 प्रतिशत पर है।
तेलंगाना तथा आंध्र प्रदेश के लिए संयुक्त जलाशयों में पूरी भंडारण क्षमता के अनुरूप पानी का भंडार है जबकि अलग-अलग जलाशयों के लिए आंध्र प्रदेश में 43 प्रतिशत एवं तेलंगाना में 63 प्रतिशत पानी का स्टॉक बताया जा रहा है।
इसी तरह कर्नाटक के जलाशय में 88 प्रतिशत तथा केरल के जलाशय में 65 प्रतिशत क्षमता के अनुरूप पानी का भंडार उपलब्ध है। आंध्र प्रदेश के कुछ जिलों में इस बार अपेक्षाकृत कम बारिश हुई है जिससे वहां जलाशय में पानी का स्तर नीचे है।
दूसरी ओर बिहार में सामान्य भंडारण की तुलना में 7 प्रतिशत कम पानी मौजूद है। पूर्वी क्षेत्र के 25 जलाशयों में पानी की कुल भंडारण क्षमता 20.798 बीसीएम की है जबकि उसमें 13.636 बीसीएम या 66 प्रतिशत पानी उपलब्ध है।
इसी तरह देश के पश्चिमी क्षेत्र में 50 जलाशयों में 91 प्रतिशत या 33.582 बीसीएम तथा मध्यवर्ती क्षेत्र में 26 जलाशयों में 84 प्रतिशत या 40.478 बीसीएम पानी का भंडारण उपलब्ध है। मानसून की वर्षा का दौर अभी जारी है इसलिए जल स्तर और बढ़ोत्तरी की उम्मीद है।
