दिसंबर में म्यांमार से भारत को 33,585 टन उड़द का निर्यात

02-Jan-2026 04:51 PM

रंगून। भारत के पूर्वोत्तर पडोसी देश- म्यांमार से दुनिया के विभिन्न देशों को उड़द, तुवर एवं मूंग जैसे दलहनों का भारी निर्यातदिसंबर में भी जारी रहा। म्यांमार से तुवर एवं उड़द का सर्वाधिक निर्यात भारत को किया जाता है जबकि मूंग का शिपमेंट वियतनाम एवं चीन को होता है क्योंकि भारत में इसके आयात पर प्रतिबंध लगा हुआ है।

म्यांमार के एक अग्रणी निर्यातक संगठन ओवरसीज एग्री ट्रेडर्स एसोसिएशन (ओएटीए) के नवीनतम मासिक आकड़ों का अनुसार दिसंबर 2025 के दौरान देश से 46,065 टन उड़द, 19,560 टन तुवर तथा 14,237 टन मूंग का निर्यात हुआ। आलोच्य माह के दौरान भारत को 33,585 टन, वियतनाम को 4925 टन तथा नेपाल को 1975 टन उड़द का निर्यात हुआ जबकि शेष मात्रा अन्य देशों को भेजी गयी। इसी तरह दिसंबर 2025 में म्यांमार से भारत को 19,300 टन तुवर का निर्यात किया गया। जबकि अन्य देशों को मात्र 260 टन का शिपमेंट हुआ। मूंग का निर्यात वियतनाम को 7300 टन, चीन को 2795 टन एवं इंडोनेशिया को 1585 टन किया गया जबकि शेष 2557 टन मूंग का शिपमेंट अन्य देशों में हुआ।

एसोसिएशन के आकड़ों से पता चलता है कि दिसंबर में म्यांमार से उड़द का निर्यात प्रदर्शन काफी कमजोर रहा। म्यांमार से नवम्बर 2025 में 66,047 टन तथा दिसंबर 2024 में 55,444 टन उड़द का शिपमेंट हुआ था जो दिसंबर 2025 में घटकर 46,065 टन पर अटक गया। दूसरी ओर तुवर का निर्यात दिसंबर 2024 के 11,979 टन से बढ़कर दिसंबर 2025 में 19,560 टन पर पहुंचा मगर यह नवम्बर 2025 के कुल शिपमेंट 38,175 टन से लगभग 50 प्रतिशत कम रहा।

नए माल की आवक शुरू होने के बावजूद म्यांमार से उड़द, तुवर एवं मूंग के निर्यात शिपमेंट की रफ़्तार आगामी महीनों में तेज होने की उम्मीद है। भारत में मार्च 2026 तक उड़द एवं तुवर के शुल्क मुक्त एवं निर्यात मुक्त आयात की स्वीकृति पहले ही दी जा चुकी है।