दिसम्बर के अंत तक चीनी का उत्पादन बढ़कर 118.30 लाख टन पर पहुंचा
31-Dec-2025 08:19 PM
नई दिल्ली। सहकारी चीनी मिलों के शीर्ष संगठन- नेशनल फेडरेशन ऑफ को ऑपरेटिव शुगर फैक्टरीज (एनएफसीएसएफ) द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि चालू मार्केटिंग सीजन की पहली तिमाही में यानी 1 अक्टूबर से 31 दिसम्बर 2025 के दौरान चीनी का घरेलू उत्पादन बढ़कर 118.30 लाख टन पर पहुंच गया
जो पिछले सीजन की समान अवधि के उत्पादन 95.60 लाख टन से 22.70 लाख टन या 23.74 प्रतिशत अधिक है। इसमें से करीब 90 प्रतिशत का उत्पादन तीन शीर्ष उत्पादक राज्यों- महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में हुआ। पिछले साल इन राज्यों की भागीदारी 86.74 प्रतिशत रही थी।
फेडरेशन के मुताबिक पिछले साल की तुलना में मौजूदा मार्केटिंग सीजन के दौरान चीनी का उत्पादन उत्तर प्रदेश में 32.60 लाख टन से बढ़कर 35.65 लाख टन, महाराष्ट्र में 29.90 लाख टन से उछलकर 48.70 लाख टन, कर्नाटक में 20.55 लाख टन से बढ़कर 22.10 लाख टन तथा गुजरात में 2.60 लाख टन से सुधरकर 2.85 लाख टन पर पहुंच गया।
इसके अलावा चालू सीजन के दौरान आंध्र प्रदेश में 20 हजार टन, बिहार में 1.95 लाख टन, हरियाणा में 1.30 लाख टन, मध्य प्रदेश में 90 हजार टन, पंजाब में 1.35 लाख टन तमिलनाडु में 80 हजार टन, उत्तराखंड में 1.30 लाख टन, तेलंगाना में 80 हजार टन तथा अन्य राज्यों में 40 हजार टन चीनी का उत्पादन दर्ज किया गया।
फेडरेशन के मुताबिक यद्यपि क्रियाशील चीनी मिलों की संख्या गत वर्ष के 500 से गिरकर इस बार 499 रह गई लेकिन गन्ना की क्रशिंग 1101.87 लाख टन से बढ़कर 1339.21 लाख टन तथा गन्ना से चीनी की औसत रिकवरी दर 8.68 प्रतिशत से सुधरकर 8.83 प्रतिशत पर पहुंचने से चीनी के उत्पादन में भारी बढ़ोत्तरी हो गई।
