दिसम्बर में खाद्य तेलों का आयात बढ़कर 13.62 लाख पर पहुंचा
13-Jan-2026 05:53 PM
मुम्बई। पाम तेल के आयात में कमी आने के बावजूद दिसम्बर में खाद्य तेलों के कुल आयात में अच्छी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई क्योंकि सॉफ्ट तेलों (सोयाबीन तेल एवं सूरजमुखी तेल) का आयात काफी बढ़ गया। सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार दिसम्बर 2025 में खाद्य तेलों का कुल आयात बढ़कर 13.62 लाख टन पर पहुंच गया जो नवम्बर 2025 के आयात 11.51 लाख टन तथा दिसम्बर 2024 के आयात 12.30 लाख टन से काफी ऊंचा रहा।
एसोसिएशन की रिपोर्ट के मुताबिक नवम्बर 2025 में देश के अंदर 6.32 लाख टन पाम तेल का आयात हुआ था जो दिसम्बर 2025 में 1.25 लाख टन या 20 प्रतिशत घटकर 5.07 लाख टन पर अटक गया। इसके फलस्वरूप भारतीय बंदरगाहों पर पाम तेल का स्टॉक भी 6.27 लाख टन से 1.74 लाख टन घटकर 4.53 लाख टन रह गया।
दूसरी ओर सोयाबीन तेल का आयात नवम्बर के 3.71 लाख टन से 36 प्रतिशत उछलकर दिसम्बर में 5.05 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया और भारतीय बंदरगाहों पर भी इसका स्टॉक 2.65 लाख टन से 35 हजार टन बढ़कर 3.00 लाख टन पर पहुंचा।
जहां तक सूरजमुखी तेल का सवाल है तो इसका आयात नवम्बर में 1.43 लाख टन दर्ज किया गया था जो दिसम्बर दोगुने से ज्यादा बढ़कर 3.50 लाख टन पर पहुंच गया। लेकिन नवम्बर-दिसम्बर 2025 के दो महीनों में सूरजमुखी तेल का कुल आयात 4.93 लाख टन पर ही पहुंच
सका जो वर्ष 2024 के इन्हीं दो माह के सकल आयात 6.05 लाख टन से 19 प्रतिशत कम रहा। दिसम्बर के अंत में बंदरगाहों पर इसका स्टॉक बढ़कर 2 लाख टन पर पहुंचा जो नवम्बर की समाप्ति पर उपलब्ध स्टॉक 1.25 लाख टन से 75 हजार टन ज्यादा है।
1 जनवरी 2026 को भारतीय बंदरगाहों पर 9.58 लाख टन तथा पाइप लाइन में 7.92 लाख टन सहित कुल 17.50 लाख टन खाद्य तेलों का स्टॉक उपलब्ध था
जो 1 दिसम्बर 2025 को मौजूदा स्टॉक 16.21 लाख टन से 1.29 लाख टन अधिक था। 1 जनवरी 2025 को बंदरगाहों पर 9.88 लाख टन और पाइप लाइन में 14.38 लाख टन के साथ कुल 25.06 लाख टन खाद्य तेलों का स्टॉक उपलब्ध था।
