देश के पांच राज्यों में आज से बारिश का दौर शुरू होने की संभावना
31-Jan-2025 05:08 PM
नई दिल्ली । भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 31 जनवरी से 4 फरवरी 2025 के बीच पांच दिनों तक उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।
इसके तहत 31 जनवरी से 4 फरवरी के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 2 से 4 फरवरी के दौरान पूर्वी राजस्थान एवं विदर्भ (महाराष्ट्र) में तथा 3 एवं 4 फरवरी को मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ में वर्षा होने का अनुमान लगाया गया है।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की भविष्यवाणी भी की गई है।
उत्तर प्रदेश सहित उत्तरी भारत में तापमान एक बार फिर गिरने लगा है और थोड़ी ठंडक भी वापस लौटी है। हालांकि दिन में धूप निकलती है लेकिन आसमान पर बादल भी रहता है जिससे ठंड का अनुमान होता है। रबी फसलों के लिए यह स्थिति काफी हद तक अनुकूल है और यदि अच्छी बारिश हो गई तो फसलों को काफी फायदा हो सकता है।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान, उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में सरसों, चना एवं गेहूं आदि का विशाल उत्पादन होता है।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले दिन हिमाचल प्रदेश में शीत लहर तथा उत्तर प्रदेश, बिहार, तटीय उड़ीसा एवं मेघालय में घने कोहरे का प्रकोप देखा गया। जम्मू, कश्मीर एवं लद्दाख में बारिश का दौर पहले ही शुरू हो चुका है।
दिल्ली- एनसीआर में 1 से 3 फरवरी के बीच वर्षा होने का अनुमान है। पंजाब-हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश के जलाशयों में पानी का स्तर चिंताजनक रूप से घट गया है। अब इन प्रांतों में बारिश होने की अच्छी संभावना है जिससे खासकर गेहूं की फसल को नया जीवन दान मिल सकता है और इसके बेहतर उत्पादन की उम्मीद रहेगी।
पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, आसाम एवं मेघालय में 29 से 31 जनवरी के बीच वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई थी और पश्चिम बंगाल के उप हिमालयी क्षेत्र तथा सिक्किम में भी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया था।
दक्षिणी प्रायद्वीप के तमिलनाडु, पांडिचेरी, कराईकल, केरल एवं माही में 29 जनवरी से 1 फरवरी के बीच भारी वर्षा होने का अनुमान लगाया गया है।
