धान की सरकारी खरीद सुधरकर 340.35 लाख टन पर पहुंची

10-Dec-2024 12:23 PM

नई दिल्ली । देश के सभी प्रमुख उत्पादक राज्यों में खरीफ कालीन धान की नई फसल की कटाई-तैयारी आरंभ हो चुकी है और भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) तथा उसकी सहयोगी प्रांतीय एजेंसियों द्वारा किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर इसकी जोरदार खरीद भी की जा चुकी है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वर्तमान खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान 9 दिसम्बर 2024 तक राष्ट्रीय स्तर पर 340.35 लाख टन धान खरीदा गया जो पिछले साल की समान अवधि की खरीद 333.54 लाख टन से करीब 6.81 लाख टन अधिक है। अनेक राज्यों में खरीद की प्रक्रिया अभी जारी है। 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में इस बार धान की सरकारी खरीद आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, चंडीगढ़, तेलंगाना, उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश में आगे है जबकि बिहार, हरियाणा, पंजाब, केरल, उड़ीसा एवं तमिलनाडु में पीछे है।

गत वर्ष के मुकाबले इस बार धान की सरकारी खरीद आंध्र प्रदेश में 5.74 लाख टन से बढ़कर 13.61 लाख टन, चंडीगढ़ में 238 टन से उछलकर 26 हजार टन, छत्तीसगढ़ में 21.20 लाख टन से उछलकर 34.49 लाख टन, हिमाचल प्रदेश में 23 हजार टन से सुधरकर 34 हजार टन, जम्मू कश्मीर में 21 हजार टन से सुधरकर 29 हजार टन,

तेलंगाना में 29.82 लाख टन से बढ़कर 31.39 लाख टन, उत्तराखंड में 4.51 लाख टन से बढ़कर 5.33 लाख टन तथा उत्तर प्रदेश में 16.50 लाख टन से बढ़कर 18.87 लाख टन पर पहुंच गयी। 

दूसरी ओर इसकी खरीद बिहार में 1.83 लाख टन से फिसलकर 1.68 लाख टन, गुजरात में 30 हजार टन से गिरकर 18 हजार टन, हरियाणा में 58.93 लाख टन से घटकर 53.92 लाख टन, केरल में 75 हजार टन से फिसलकर 51 हजार टन,

उड़ीसा में 2.09 लाख टन से घटकर 93 हजार टन, पंजाब में 185.27 लाख टन से लुढ़ककर 172.27 लाख टन तथा तमिलनाडु में 5.45 लाख टन से फिसलकर 5.22 लाख टन पर सिमट गई। इस बार महाराष्ट्र में 92 हजार टन से अधिक धान खरीदा गया है जबकि पिछले साल वहां खरीद नहीं हुई थी। 

पंजाब एवं हरियाणा जैसे राज्यों में धान की खरीद काफी घट गई है मगर छत्तीसगढ़ एवं तेलंगाना जैसे प्रांतों में हो रही बेहतर खरीद से इसकी भरपाई होने की उम्मीद है। धान की खरीद दिसम्बर-जनवरी में भी जारी रहेगी।