धनिया कीमतों में गिरावट : तेजी की संभावना नहीं
08-Jan-2026 07:23 PM
नई दिल्ली। वर्तमान में धनिया के दामों में गिरावट बनी रही। अभी हाल-फिलहाल कीमतों में तेजी की संभावना भी नहीं है क्योंकि प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात की राजकोट, गोंडल मंडी में नए मालों का श्री गणेश हो गया है। जबकि चालू माह के अंत तक मध्य प्रदेश की मंडियों में भी नए मालों की आवक शुरू हो जाने के समाचार है।
बिजाई
चालू सीजन के दौरान देश में धनिया की बिजाई गत वर्ष की तुलना में कम रहने के समाचार है। प्राप्त जानकारी के अनुरूप वर्ष 2024 के दौरान देश में धनिया बिजाई 3.64 लाख हेक्टेयर पर की गई थी जोकि वर्ष 2025 में घटकर 3.37 लाख हेक्टेयर की रह गई। वर्ष 2026 के लिए भी बिजाई क्षेत्रफल में 10/15 प्रतिशत की कमी रहने के व्यापारिक अनुमान लगाए जा रहे हैं। धनिया का उत्पादन गुजरात, मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में होता है।
उत्पादन
उत्पादक केन्द्रों से मिल रहे बिजाई के समाचारों को देखते हुए संभावना व्यक्त की जा रही है कि चालू सीजन के दौरान देश में धनिया का उत्पादन 90 लाख बोरी के आसपास रहेगा। जबकि गत वर्ष उत्पादन एक करोड़ बोरी के आसपास माना गया था। वर्ष 2024 में उत्पादन 1.15/1.20 करोड़ बोरी एवं वर्ष 2023 में 1.50/1.60 करोड़ बोरी उत्पादन के अनुमान लगाए गए थे।
स्टॉक
विगत 2/3 वर्षों से देश में धनिया की पैदावार घटने के कारण स्टॉक में भी कमी आ रही है। सूत्रों का कहना है कि वर्ष 2024 के दौरान नई फसलों के समय धनिया का स्टॉक 40/45 लाख बोरी का था जोकि वर्ष 2025 में घटकर 35/36 लाख बोरी का रह गया। जबकि वर्ष 2026 में स्टॉक 20/25 लाख बोरी का माना जा रहा है।
अभी तेजी नहीं
हालांकि चालू सीजन के दौरान देश में धनिया का उत्पादन कम रहने के साथ-साथ स्टॉक भी कम रहने के अनुमान है लेकिन आगामी दिनों में नए मालों की आवक बढ़ने पर कीमतों में अल्पकाल के लिए गिरावट आ सकती है लेकिन गत वर्ष के भाव नहीं बनेंगे। गत वर्ष नई फसल के समय उत्पादक केन्द्रों पर धनिया ईगल का भाव 7000/7300 रुपए एवं बादामी 6800/7000 रुपए चल रहा था।
निर्यात
चालू वित्त वर्ष 2025-26 के प्रथम सात माह अप्रैल-अक्टूबर- 2025 के दौरान धनिया का निर्यात गत वर्ष की तुलना में 9 प्रतिशत बढ़कर 37346 टन का हो गया है और निर्यात से प्राप्त आय 395.40 करोड़ की रही। गत वर्ष इसी समयावधि में निर्यात 34365 टन का हुआ था और निर्यात से प्राप्त आय 359.69 करोड़ की हुई थी।
