उम्मीद के अनुरूप चना की बिजाई में हो रही है अच्छी बढ़ोतरी
09-Dec-2024 08:28 PM
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार द्वारा चना का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2023-24 सीजन के 5440 रुपए प्रति क्विंटल से 210 रुपए बढ़ाकर 2024-25 सीजन के लिए 5650 रुपए प्रति क्विंटल नियत किए जाने तथा थोक मंडी भाव इससे भी काफी ऊंचा होने से चालू रबी सीजन में इस सबसे महत्वपूर्ण दलहन के बिजाई क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद की जा रही थी और किसान इस उम्मीद पर खरा उतरने का भरपूर प्रयास कर रहे हैं।
केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार चना का उत्पादन क्षेत्र पिछले साल के 80.35 लाख हेक्टेयर से करीब 5.75 लाख हेक्टेयर बढ़कर इस बार 86.09 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है जो सामान्य औसत क्षेत्रफल 101 लाख हेक्टेयर से 15 लाख हेक्टेयर पीछे है।
कई इलाकों में बिजाई की प्रक्रिया अभी जारी है और इसकी खेती में किसानों का उत्साह एवं आकर्षण बरकरार है। इसे देखते हुए सीजन के अंत तक चना का कुल रकबा बढ़कर 100 लाख हेक्टेयर से आगे निकल जाने की उम्मीद है।
मंत्रालय के मुताबिक रबी कालीन दलहन फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र 2023-24 के 115.70 लाख हेक्टेयर से करीब 5 लाख हेक्टेयर बढ़कर 2024-25 के सीजन में 120.65 लाख हेक्टेयर हो गया है।
इसके तहत चना का उत्पादन क्षेत्र 80.35 लाख हेक्टेयर से उछलकर 86.09 लाख हेक्टेयर तथा मसूर का बिजाई क्षेत्र 14.50 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 14.75 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा है
जबकि दूसरी ओर मटर का रकबा 8.14 लाख हेक्टेयर से फिसलकर 8.09 लाख हेक्टेयर, कुलथी का 3.06 लाख हेक्टेयर से घटकर 2.42 लाख हेक्टेयर, उड़द का 3.41 लाख हेक्टेयर से गिरकर 2.91 लाख हेक्टेयर,
मूंग का 72 हजार हेक्टेयर से लुढ़ककर 36 हजार हेक्टेयर तथा खेसारी रकबा 2.90 लाख हेक्टेयर से गिरकर 2.65 लाख हेक्टेयर पर अटक गया है। अन्य दलहन फसलों का उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के 2.62 लाख हेक्टेयर से बढ़कर इस बार 3.36 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है।
