उत्पादक मंडियों में लालमिर्च की जोरदार आवक से कीमत सुस्त
23-Jan-2025 08:29 PM
गुंटूर । दक्षिण भारत के प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में लालमिर्च की नई फसल की आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ने लगी है जबकि पुराने स्टॉक के माल की आवक अपेक्षाकृत कम हो रही है।
आपूर्ति के अनुरूप उठाव नहीं होने से लालमिर्च की कीमतों में नरमी का माहौल देखा जा रहा है। व्यापार विश्लेषकों के मुताबिक नीचे मूल्य पर घरेलू एवं निर्यात मांग बढ़ने की उम्मीद है जिससे आगामी समय में भाव कुछ मजबूत हो सकता है। बांग्ला देश, चीन, मलेशिया एवं खाड़ी क्षेत्र के देशों में अगले महीने से निर्यात की रफ्तार बढ़ने के आसार है।
आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे शीर्ष उत्पादक राज्यों में लालमिर्च की अच्छी आवक हो रही है। वहीं इसका पुराना स्टॉक भी मौजूद है। कर्नाटक में भी नए माल की आपूर्ति जोर पकड़ने वाली है।
आंध्र प्रदेश की गुंटूर मंडी में पिछले दिन 70 हजार बोरी (40 किलो की प्रत्येक बोरी) लालमिर्च की आवक हुई जिसमें 60 हजार बोरी का नया माल एवं 10 हजार बोरी का पुराना स्टॉक शामिल था। उधर तेलंगाना की वारंगल तथा खम्माम मंडी में भी अच्छी मात्रा में लालमिर्च पहुंच रही है।
हालांकि पिछले सीजन के मुकाबले 2024-25 के सीजन में लालमिर्च के बिजाई क्षेत्र में गिरावट आ गई तथा प्रमुख उत्पादक इलाकों में बाढ़-वर्षा से भी फसल को थोड़ा बहुत नुकसान हुआ लेकिन बची हुई फसल की हालत काफी अच्छी बताई जा रही है जिससे कुल उत्पादन में भारी गिरावट आने की संभावना है।
