उत्पादन बढ़ने एवं निर्यात घटने से मलेशियाई पाम तेल के स्टॉक में बढ़ोत्तरी
10-Sep-2024 03:54 PM
कुआलालम्पुर। मलेशिया में क्रूड पाम तेल (सीपीओ) के उत्पादन का पीक सीजन अभी जारी है। सरकारी संस्था- मलेशियन पाम ऑयल बोर्ड (एम्पोब) की नवीनतम मासिक रिपोर्ट के अनुसार सीपीओ का घरेलू उत्पादन अगस्त में बढ़कर 18,93,859 टन पर पहुंच गया जो जुलाई के उत्पादन से 2.87 प्रतिशत अधिक था।
रिपोर्ट के मुताबिक अगस्त के अंत में मलेशिया में कुल 18,83,214 टन पाम तेल का बकाया अधिशेष स्टॉक उपलब्ध था जो जुलाई अंत के सुरक्षित स्टॉक से 7.34 प्रतिशत अधिक रहा।
इसके तहत जुलाई के मुकाबले अगस्त में क्रूड पाम तेल का स्टॉक 2.48 प्रतिशत बढ़कर 9,53,145 टन तथा प्रोसेस्ड (रिफाइंड) पाम तेल का स्टॉक 12.8 प्रतिशत उछलकर 9,30,069 टन पर पहुंच गया।
उल्लेखनीय है कि इंडोनेशिया के बाद मलेशिया संसार में पाम तेल का दूसरा सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। भारत में जुलाई माह के दौरान पाम तेल का विशाल आयात हुआ था इसलिए अगस्त में यह कुछ घट गया।
मलेशिया में जुलाई की तुलना में अगस्त के दौरान पाम कर्नेल तेल का स्टॉक भी 12.87 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के साथ 3,74,917 टन पर पहुंचा। इसका निर्यात प्रदर्शन कुछ कमजोर रहा।
एम्पोब की रिपोर्ट के मुताबिक मलेशिया से अगस्त माह के दौरान पाम तेल उत्पादों का कुल निर्यात घटकर 15,25,115 टन पर अटक गया जो जुलाई के कुल शिपमेंट से 9.74 प्रतिशत कम रहा।
इसी तरह वहां पाम तेल का आयात भी 0.9 प्रतिशत गिरकर 9970 टन पर अटक गया। कमजोर निर्यात एवं ऊंचे स्टॉक के साथ-साथ उत्पादन का पीक सीजन जारी रहने से मलेशियाई पाम तेल के बेंचमार्क वायदा मूल्य पर दबाव कुछ बढ़ सकता है।
