उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश होने का अनुमान

06-Jun-2025 11:40 AM

लखनऊ। दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में तो मानसून की बारिश हो रही है लेकिन उत्तर प्रदेश में धूप  तथा वर्षा के बीच लुका छिपी का खेल चल रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आसमान पर कभी बादल छा जाता है तो कभी तेज धूप निकल आती है। वैसे भी राज्य में मानसून के पहुंचने में अभी काफी समय बचा हुआ है। आमतौर पर उत्तर प्रदेश में जून के तीसरे सप्ताह के अंत तक मानसून आने की उम्मीद रहती है। 

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में पिछले दिन बारिश हुई और इससे तापमान  कुछ नीचे आया। आगे भी वहां 30-40 कि०मी० प्रति घंटे की तेज रफ्तार के साथ हवा चलने और बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के सभी राज्यों में बारिश होने या गरज चमक के साथ बौछार पड़ने की उम्मीद है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर एवं अमरोहा जिले में भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ-साथ मुरादाबाद, सम्भल, पीली भीत, शाहजहांपुर, लखिम पुर खेड़ी तथा सीतापुर जिले में भी सामान्य या भारी वर्षा हो सकती है। 

इसके अतिरिक्त जिन जिलों में हल्की से सामान्य बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है उसमें हरदोई, बहराइच, बाराबंकी, श्रावस्ती एवं गोंडा शामिल है। उधर बलरामपुर अयोध्या, सिद्धार्थ नगर, अम्बेडकर नगर, बस्ती, संत कबीर नगर एवं महाराजगंज में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है जबकि कुशी नगर, गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, मऊ एवं बलिया जिले में कई स्थानों पर वर्षा होने का  अनुमान लगाया गया है। 

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर भी जारी रहेगा। अगले पांच छह दिनों तक राज्य में उच्चतम तापमान में 5-6 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना व्यक्त की गई है। कहीं-कहीं तापमान 45-46 डिग्री तक पहुंच सकता है।