उत्तर प्रदेश में आज से एमएसपी पर खरीफ फसलों की सरकारी खरीद शुरू
01-Oct-2025 11:55 AM
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर किसानों से धान सहित अन्य खरीफ फसलों की सरकारी खरीद का अभियान आज यानी 1 अक्टूबर 2025 से औपचारिक तौर पर आरंभ हो गया है।
राज्य में इस बार 60 लाख टन धान की खरीद का लक्ष्य रखा गया है और इसके लिए करीब 4 हजार क्रय केन्द्र स्थापित किए गए हैं। केन्द्र सरकार ने धान का एमएसपी 69 रुपए बढाकर सामान्य श्रेणी के लिए 2369 रुपए प्रति क्विंटल तथा 'ए' ग्रेड के लिए 2389 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया है।
उत्तर प्रदेश में 1 अक्टूबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक पश्चिमी मिलों में तथा 1 नवम्बर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक पूर्वी भाग में धान खरीदा जाएगा। मोटे अनाजों की खरीद के लिए 1 अक्टूबर से 31 दिसम्बर 2025 तक का समय निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत 14 जिलों में ज्वार, 25 जिलों में मक्का तथा 33 जिलों में बाजरा की खरीद की जाएगी।
ज्ञात हो कि केन्द्र सरकार ने 2025-26 के मार्केटिंग सीजन हेतु मक्का का एमएसपी 2400 रुपए प्रति क्विंटल, बाजरा का 2775 रुपए प्रति क्विंटल, ज्वार (हाईब्रीड) का 3699 रुपए प्रति क्विंटल तथा ज्वार (मालदंडी) का 3749 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।
उत्तर प्रदेश में इस बार 2.20 लाख टन बाजरा, 50 हजार टन ज्वार और 15 हजार टन मक्का की खरीद का लक्ष्य नियत किया गया है। बाजरा के लिए 300, ज्वार के लिए 80 तथा मक्का के लिए 75 क्रय केन्द्र खोले गए हैं। इसके अलावा वहां दलहनों एवं तिलहनों की खरीद के लिए भी केन्द्र से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
