उत्तरी राज्यों में भयंकर ठंड एवं कोहरा तथा दक्षिण भारत में बारिश का अनुमान
09-Jan-2026 08:23 PM
तिरुअनन्तपुरम। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों तक उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार तथा दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ने तथा घना से लेकर अत्यन्त घना कोहरा छाए रहने की संभावना व्यक्त की है।
इसके अलावा जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड एवं लद्दाख जैसे पर्वतीय राज्यों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रहने का अनुमान।
जिससे मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ जाएगी। इतना ही नहीं बल्कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, उड़ीसा एवं झारखंड में शीत लहर का प्रकोप रहने की आशंका भी व्यक्त की गई है।
दूसरी ओर मौसम विभाग ने दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तथा पूर्वी विषुवत रेखीय हिन्द महासागर के ऊपर कम दाब का गहरा क्षेत्र निर्मित होने से देश के दक्षिणी राज्यों और खासकर तमिल तथा केरल में भारी वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना जताई है। यह वर्षा 9-10 जनवरी को हो सकती है।
दिल्ली में 8 जनवरी को न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि 9 जनवरी (आज) के लिए घने कोहरे और भयंकर ठंड का यैलो अलर्ट जारी किया गया है।
राष्ट्रीय राजधानी में 9 जनवरी को अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया गया है।
उधर उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड के साथ शीत लहर का प्रकोप जारी है राज्य के कई इलाकों में सुबह एवं शाम को घना कोहरा छाया रहता है। बिहार में तेजी से बढ़ती ठंड से लोग बेहाल हैं।
