उड़द को छोड़ अन्य दलहनों के उत्पादन में बढ़ोत्तरी का अनुमान

29-May-2025 08:45 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने जो तीसरा अग्रिम अनुमान जारी किया है उससे पता चलता है कि 2023-24 की तुलना में 2024-25 सीजन के दौरान उड़द को छोड़कर अन्य प्रमुख दलहनों के उत्पादन में बढ़ोत्तरी हुई है।

इसमें चना, तुवर एवं मूंग भी शामिल है। मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार 2023-24 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन में 242.50 लाख टन दलहनों का घरेलू उत्पादन हुआ था जो 2024-25 के सीजन में 9.90 लाख टन बढ़कर 252.40 लाख टन पर पहुंच गया। 

समीक्षाधीन सीजन के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर चना का उत्पादन 110.40 लाख टन से 3 लाख टन बढ़कर 113.40 लाख टन, तुवर का उत्पादन 34.20 लाख टन से 1.40 लाख टन बढ़कर 35.60 लाख टन तथा मूंग का उत्पादन 31 लाख टन से 7.20 लाख टन उछलकर 38.20 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान है

जबकि उड़द का उत्पादन 23.20 लाख टन से 2.10 लाख टन घटकर 21.10 लाख टन पर सिमट जाने की संभावना है। इसमें खरीफ, रबी एवं जायद-तीनो सीजन के अनुमानित उत्पादन शामिल है। उद्योग- व्यापार समीक्षकों का कहना है कि तुवर का उत्पादन सरकारी अनुमान से कुछ ज्यादा हुआ है मगर चना की पैदावार कम हुई है। 

अब एक बार फिर खरीफ कालीन दलहन फसलों की बिजाई का समय आ गया है। यद्यपि तुवर उड़द एवं मूंग का बाजार भाव हाल के महीनों में नरम पड़ा है

जिससे इसकी खेती के प्रति किसानों का उत्साह एवं आकर्षण घट सकता था लेकिन सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य में अच्छी बढ़ोत्तरी कर दी है

जिससे किसानों की दिलचस्पी बरकरार रहने की उम्मीद है। उड़द का न्यूनतम समर्थन मूल्य 7400 रुपए प्रति क्विंटल से 400 रुपए बढ़ाकर 7800 रुपए प्रति क्विंटल तथा तुवर का समर्थन मूल्य 7550 रुपए प्रति क्विंटल से 450 रुपए बढ़ाकर 8000 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। मूंग के समर्थन मूल्य में 86 रुपए की बढ़ोत्तरी की गई है।