विभिन्न राज्यों के लिए चीनी का फ्री सेल कोटा आवंटित
31-Dec-2025 05:06 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने जनवरी 2026 में घरेलू प्रभाग में बेचने के लिए देशभर की मिलों के लिए 22 लाख टन चीनी का बिक्री का कोटा निर्धारित करते हुए इसकी मात्रा का आवंटन भी कर दिया है।
चीनी का नया कोटा कल यानी 1 जनवरी से प्रभावी हो जाएगा। जनवरी के लिए नियत चीनी का फ्री सेल कोटा दिसम्बर कोटे के बराबर ही है।
केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय के चीनी एवं वनस्पति तेल निदेशालय द्वारा जारी आंकड़ों से पता चलता है कि जनवरी 2026 में बिक्री के लिए आंध्र प्रदेश को 7300 टन, बिहार को 34 हजार टन, छत्तीसगढ़ को 6 हजार टन,
गुजरात को 64 हजार टन, हरियाणा को 29 हजार टन, कर्नाटक को 3.50 लाख टन, मध्य प्रदेश को 35 हजार टन, महाराष्ट्र को करीब 8.57 लाख टन, उड़ीसा को 1541 टन, पंजाब को लगभग 34 हजार टन,
राजस्थान को 1135 टन, तमिलनाडु को 37 हजार टन, तेलंगाना को 9500 टन, उत्तर प्रदेश को 7.06 लाख टन तथा उत्तराखंड को 31 हजार टन चीनी का फ्री से कोटा आवंटित किया गया है।
इस तरह राष्ट्रीय स्तर पर कुल 22 लाख टन चीनी की बिक्री का कोटा जनवरी 2026 के लिए आवंटित हुआ है जिसे घरेलू मांग एवं जरूरत को पूरा करने के लिए पर्याप्त माना जा रहा है।
महाराष्ट्र को सर्वाधिक कोटा दिया गया है क्योंकि वहां चीनी के उत्पादन में भारी बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। उत्तर प्रदेश एवं कर्नाटक के लिए सामान्य कोटा नियत हुआ है जबकि वहां भी उत्पादन में सुधार आने के संकेत मिल रहे हैं।
महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश एवं कर्नाटक देश के तीन चीनी उत्पादक राज्य है। इसके बाद गुजरात एवं तमिलनाडु का स्थान आता है।
बिहार, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड एवं तेलंगाना जैसे राज्यों में भी चीनी का अच्छा उत्पादन होता है। उद्योग- व्यापार समीक्षकों के अनुसार मांग एवं आपूर्ति में बेहतर संतुलन के कारण चीनी के दाम में भारी उतार चढ़ाव आने की संभावना नहीं है।
