वर्षा की वजह से ब्राजील में अक्टूबर के दूसरे हाफ में गन्ना की क्रशिंग प्रभावित

23-Nov-2024 01:33 PM

साओ पाउलो । लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील के सबसे प्रमुख चीनी उत्पादक इलाके- मध्य दक्षिणी क्षेत्र में अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े के दौरान अत्यन्त भारी वर्षा होने से गन्ना फसल की कटाई, ढुलाई एवं पैराई में काफी बाधा उत्पन्न हो गई। शीर्ष उद्योग संस्था- यूनिका की रिपोर्ट के अनुसार समीक्षाधीन अवधि के दौरान गन्ना की प्रोसेसिंग एवं एथनॉल के उत्पादन में गिरावट आ गई लेकिन एथनॉल की बिक्री में बढ़ोतरी हुई। 

रिपोर्ट के मुताबिक 16 से 31 अक्टूबर 2024 के दौरान मध्य दक्षिणी क्षेत्र में गन्ना की क्रशिंग गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में 21.64 प्रतिशत घटकर 271.70 लाख टन पर अटक गई लेकिन इसके बावजूद पूरे मार्केटिंग सीजन की क्रशिंग बेहतर रही।

1 अप्रैल से 31 अक्टूबर 2024 के सात महीनों में वहां कुल 56.603 करोड़ टन गन्ना की पेराई हुई जो वर्ष 2023 के इन्हीं महीनों की कुल क्रशिंग से 0.88 प्रतिशत अधिक रही।

अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में एथनॉल का उत्पादन बढ़कर 1.64 अरब लीटर (43.324 लाख गैलन) पर पहुंच गया मगर हाईड्रस एथनॉल का उत्पादन 8.22 प्रतिशत घटकर 99.03 करोड़ लीटर तथा एन हाईड्रस एथनॉल का उत्पादन 8.03 प्रतिशत घटकर 65.03 करोड़ लीटर पर सिमट गया।

दूसरी ओर मक्का से निर्मित एथनॉल का उत्पादन 33.25 प्रतिशत उछलकर 25.792 करोड़ लीटर पर पहुंच गया और इस तरह मध्य दक्षिणी क्षेत्र में एथनॉल के कुल उत्पादन में इसकी भागीदारी 21.8 प्रतिशत पर पहुंच गई।  

उल्लेखनीय है कि ब्राजील दुनिया में चीनी का सबसे बड़ा उत्पादक एवं निर्यातक देश है और वहां 90 प्रतिशत चीनी का उत्पादन मध्य दक्षिणी क्षेत्र में तथा शेष 10 प्रतिशत का उत्पादन उत्तरी एवं पूर्वोत्तर राज्यों में होता है जिसका उपयोग घरेलू मांग को पूरा करने में किया जाता है।