वार्षिक आधार पर म्यांमार से उड़द का निर्यात घटा- तुवर का बढ़ा

02-Jan-2026 08:43 PM

मांडले। म्यांमार के कृषि निर्यातक संगठन- ओएटीए के आंकड़ों से पता चलता है कि वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 के दौरान देश से उड़द का निर्यात 9,03,526 टन से घटकर 846,084 टन पर सिमट गया लेकिन अरहर (तुवर) का शिपमेंट इसी अवधि में 2,99,899 टन से बढ़कर 3,65,867 टन पर पहुंच गया।

इस तरह उड़द के निर्यात में 57,441 टन की गिरावट एवं तुवर के शिपमेंट में 65,968 टन की वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा वर्ष 2025 में म्यांमार से 4,27,035 टन मूंग का भी निर्यात हुआ। 

जहां तक उड़द का सवाल है तो इसका सर्वाधिक निर्यात भारत को किया जाता है। म्यांमार से वर्ष 2025 के किसी एक माह में उड़द का सबसे ज्यादा शिपमेंट सितम्बर में 1,15,914 टन का हुआ जबकि वर्ष 2024 के मई में सबसे ज्यादा 10,2,662 टन का शिपमेंट किया गया था।

कैलेंडर वर्ष 2025 के नौ महीनों में म्यांमार से 60 हजार टन से ज्यादा उड़द का निर्यात हुआ जबकि सिर्फ तीन महीनों में इसकी मात्रा 60 हजार टन से कम रही। वर्ष 2024 में यह आंकड़ा 10 महीनों और 2 महीनों का रहा था। 

म्यांमार से तुवर को लगभग 99 प्रतिशत भाग का निर्यात अकेले भारत को किया जाता है। भारत में अफ्रीकी देशों से भी बड़े पैमाने पर इसका आयात होता है।

वर्ष 2025 के दौरान भारत में म्यांमार से तुवर के आयात में अच्छी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। अब दोनों देशों में तुवर नए माल की अच्छी आवक हो रही है।