वैश्विक आपूर्ति में सुधार के संकेत से चीनी का वायदा भाव नरम
05-Dec-2024 01:11 PM
न्यूयार्क । विश्व स्तर पर आपूर्ति एवं उपलब्धता में सुधार आने के संकेत मिलने से पिछले दिन चीनी के वायदा भाव में कुछ नरमी आ गई। इसके तहत मार्च अनुबंध के लिए न्यूयार्क एक्सचेंज में कच्ची चीनी (रॉ शुगर) का वायदा मूल्य 0.11 सेंट प्रति पौंड (0.51 प्रतिशत) तथा लंदन एक्सचेंज में सफेद चीनी (व्हाइट शुगर) का वायदा भाव 2.80 डॉलर प्रति टन (0.51 प्रतिशत) घट गया।
एक विश्लेषक के मुताबिक चालू सप्ताह के प्रथम दिन चीनी का वायदा मूल्य न्यूयार्क में घटकर पिछले ढाई महीनों के निचले स्तर पर आ गया था और लंदन एक्सचेंज में भी यह गत तीन सप्ताह के निम्न स्तर पर चला गया था जबकि उसके मुकाबले तीसरे दिन वायदा भाव में कम गिरावट देखी गई। सप्ताह के दूसरे दिन इसमें कुछ सुधार देखा गया था।
उल्लेखनीय है कि गत 21 नवम्बर को इंटरनेशनल शुगर ऑर्गेनाइजेशन (आईएसओ) ने चीनी के वैश्विक उत्पादन एवं उपयोग के बीच अंतर को घटाकर 25.10 लाख टन नियत कर दिया जबकि अगस्त में यह अंतर 35.80 लाख टन रहने का अनुमान लगाया गया था।
इसी तरह आईएसओ ने 2023-24 सीजन के लिए चीनी के वैश्विक अधिशेष स्टॉक का आंकड़ा भी 2 लाख टन से बढ़ाकर 13.10 लाख टन नियत कर दिया।
सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- ब्राजील की मुद्रा- रियाल की विनिमय दर में आई कमजोरी से भी चीनी के दाम पर दबाव बढ़ गया। रियाल के कमजोर पड़ने से ब्राजील के मिलर्स ने चीनी की बिक्री बढ़ा दी जिससे आपूर्ति की स्थिति सुधर गई।
लेकिन बाजार के लिए सकारात्मक पक्ष यह है कि ब्राजील के सबसे प्रमुख उत्पादक संभाग- मध्य दक्षिणी क्षेत्र में चीनी का उत्पादन घट रहा है।
शीर्ष उद्योग संस्था- यूनिका के अनुसार नवम्बर 2024 के प्रथम पखवाड़े के दौरान वहां चीनी का उत्पादन घटकर 9 लाख टन रह गया जो नवम्बर 2023 के उत्पादन से करीब 60 प्रतिशत कम रहा।
मध्य दक्षिणी क्षेत्र में चालू मार्केटिंग सीजन के दौरान 15 नवम्बर 2024 तक को 382.74 लाख टन चीनी का निर्माण हुआ जो गत वर्ष की तुलना में 3 प्रतिशत कम रहा।
