वियतनाम से 4.50 अरब डॉलर के काजू निर्यात का लक्ष्य

08-Jul-2025 08:11 PM

हो ची मिन्ह सिटी। दक्षिण- पूर्व एशिया में अवस्थित देश- वियतनाम के काजू उद्योग ने वर्ष 2025 में 4.50 अरब डॉलर मूल्य के प्रसंस्कृत काजू के निर्यात का लक्ष्य निर्धारित किया है जो वर्ष 2024 की तुलना में 2.7 प्रतिशत ज्यादा है।

पहली छमाही का निर्यात प्रदर्शन उत्साहवर्धक रहा जिससे यह ऊंचा लक्ष्य हासिल करने में उसे आसानी हो सकती है। काजू की वैश्विक मांग मजबूत बनी हुई है। 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार चालू वर्ष की पहली छमाही में यानी जनवरी-जून 2025 के दौरान वियतनाम से 2.36 अरब डॉलर मूल्य के 3,46,800 टन काजू का निर्यात हुआ।

पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले काजू की निर्यात मात्रा में 2.7 प्रतिशत की गिरावट आई लेकिन निर्यात आय में 20.4 प्रतिशत का इजाफा दर्ज किया गया।

अकेले जून 2025 में वहां से 70 हजार टन काजू का निर्यात हो गया जिससे 47.54 करोड़ डॉलर की शानदार आमदनी प्राप्त हुई। निर्यात आमदनी में भारी इजाफा होने का प्रमुख कारण ऑफर मूल्य में आई तेजी माना जा रहा है।

वर्ष 2025 की पहली छमाही के दौरान वियतनामी काजू का औसत इकाई निर्यात ऑफर मूल्य गत वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 23.8 प्रतिशत उछलकर 6805 डॉलर प्रति टन पर पहुंच गया। 

समीक्षाधीन अवधि के दौरान चीन, अमरीका तथा हॉलैंड (नीदरलैंड) वियतनामी काजू के तीन शीर्ष खरीदार देश बने रहे। कुल निर्यात मूल्य की दृष्टि से इस अवधि के दौरान वियतनाम से चीन को 22 प्रतिशत, अमरीका को 21.6 प्रतिशत तथा हॉलैंड को 8.4 प्रतिशत काजू का निर्यात किया गया। उल्लेखनीय है कि वियतनाम काजू का सबसे प्रमुख निर्यातक देश है।  

मई माह के दौरान चीन में वियतनामी काजू का आयात पिछले तीन वर्ष के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया। वियतनाम से चीन को 41.494 करोड़ डॉलर मूल्य के 65,790 टन काजू का निर्यात हो चुका है

जो गत वर्ष के सापेक्ष मात्रा की दृष्टि से 21.7 प्रतिशत तथा आमदनी की दृष्टि से 41.2 प्रतिशत अधिक रहा। वहां इसका निर्यात ऑफर मूल्य भी 16 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 6507 डॉलर प्रति टन पर पहुंचा जो अमरीका से भी ऊंचा रहा।

चीन में वियतनामी काजू की मांग एवं खपत तेजी से बढ़ती जा रही है जिससे वियतनाम के निर्यातक काफी उत्साहित है। यदि यह सिलसिला आगे भी जारी रहा तो उसे ऊंचा लक्ष्य हासिल करने में सफलता मिल सकती है।