यूपी में गन्ना का इंडेंट जारी होने से किसानों को राहत- क्रशिंग भी आरंभ

21-Nov-2024 04:28 PM

लखनऊ । गन्ना के सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य- उत्तर प्रदेश (यूपी) में चीनी के उत्पादन का सीजन पहले ही आरंभ हो चुका है और यह अगले कुछ महीनों तक जारी रहेगा। गन्ना एवं चीनी आयुक्त के अनुसार उत्तर प्रदेश की 102 चीनी मिलों द्वारा 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन में गन्ना की खरीद  के लिए इंडेंट जारी कर दिया गया है और इसमें से 90 इकाइयों में गन्ना की क्रशिंग भी आरंभ हो चुकी है।

आयुक्त के मुताबिक अभी तक जिन 90 प्लांटों में गन्ना की क्रशिंग शुरू हुई है उसमें 79 मिलें प्राइवेट क्षेत्र की तथा 10 मिलने सहकारी क्षेत्र की हैं। इसके साथ-साथ निगम की एक इकाई में भी काम शुरू हो गया है। 

आयुक्त महोदय के मुताबिक गन्ना किसानों के बकाए का भुगतान सुनिश्चित करने का प्रयास तेज कर दिया गया है और 39 चीनी मिलों ने वर्तमान सीजन के लिए देय बकाया राशि के भुगतान की प्रक्रिया आरंभ कर दी है।

अन्य इकाइयां भी शीघ्र ही इसकी प्रक्रिया शुरू कर सकती है। उनका कहना था कि चालू मार्केटिंग सीजन में अभी तक सहारनपुर संभाग में 18, मेरठ संभाग में 16, बरेली संभाग में 11 तथा मुरादाबाद संभाग में 22 चीनी मिलें क्रियाशील हो चुकी हैं जिसमें गन्ना की क्रशिंग हो रही है।

इसके अलावा लखनऊ, अयोध्या, देवरिया तथा देवी पाटन संभाग में भी चीनी मिलें सक्रिय हो गई है। इंडेंट जारी करने वाली शेष 12 चीनी मिलों में गन्ना क्रशिंग शुरू करने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं इसलिए शीघ्र ही उसमें भी गन्ना की क्रशिंग शुरू हो जाएगी।  

गन्ना आयुक्त ने चीनी मिलों को निर्धारित नियम के अनुरूप किसानों को गन्ना के मूल्य का भुगतान सही समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

मौजूदा मार्केटिंग सीजन में गन्ना हासिल करने वाली 39 चीनी मिलों ने किसानों को मूल्य का भुगतान आरंभ कर दिया है जिससे राज्य के गन्ना उत्पादकों को राहत मिल रही है।

कुल मिलाकर उत्तर प्रदेश में गन्ना की फसल अच्छी हालात में है और वहां चीनी का सकल उत्पादन पिछले सीजन के लगभग बराबर होने की उम्मीद है।