22-23 जून तक पश्चिमी तट पर मानसून के सक्रिय होने की उम्मीद

15-Jun-2026 01:27 PM

तिरुअनन्तपुरम। दक्षिण-पश्चिम मानसून शुरूआती चरण में पश्चिमी तट की ओर बढ़ता हुआ प्रतीत हो रहा था मगर अनुकूल परिस्थिति के अभाव में यह ज्यादा आगे नहीं बढ़ सका। बंगाल की खाड़ी के ऊपर हलचल कायम है और दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर हवा का तेज एवं मजबूत प्रवाह जारी है। 

वर्षा सहित बादलों के झुण्ड का निर्माण हो रहा है और तमिलनाडु तट के पास खाड़ी के पश्चिमी, दक्षिणी तथा मध्य पश्चिमी भाग के ऊपर सघन बादल का निर्माण हो रहा है जो फिलहाल अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के आसपास केन्द्रित है।

समझा जाता है कि इसका अगला चरण (स्पैक) जल्दी ही सक्रिय और गतिशील हो जाएगा जिससे देश के पश्चिमी तटवर्ती क्षेत्रों में 22-23 जून को भारी वर्षा हो सकती है।

इसमें तटीय कर्नाटक एवं गोवा से लेकर उत्तर में कोंकण, मुम्बई तथा दक्षिण गुजरात का सूरत शहर का इलाका शामिल है। उधर पिछले दिन कर्नाटक के मंगलोर से लेकर केरल के त्रिपुर तक की विशाल पट्टी में गरज-चमक के साथ भारी बारिश दर्ज की गई। वर्षा का विस्तार केरल के तिरुअनन्तपुरम तथा तमिलनाडु के नगर कोइल तक देखा गया। 

इधर पश्चिमोत्तर भारत में एक ट्रफ पिछले सप्ताह पंजाब के ऊपर मजबूत था जिसका विस्तार हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड एवं पश्चिम बंगाल के मैदानी इलाकों तक हो गया। इससे इन क्षेत्रों में बारिश हुई और तापमान घट गया। अब भी कहीं-कहीं आसमान में बादल छाए हुए हैं।