अच्छी उपलब्धता से कनाडा में मसूर का दाम दूसरे सप्ताह भी स्थिर
03-Oct-2025 06:21 PM
वैंकुवर। कनाडा में इस बार मसूर का शानदार उत्पादन होने का अनुमान लगाया गया है। फसल की कटाई-तैयारी पूरी हो चुकी है और सारा उत्पादन किसानों के पास पहुंच चुका है। लेकिन निर्यात मांग कमजोर है और इसलिए कीमतों में नरमी या स्थिरता का माहौल बना हुआ है।
मोटी (बड़ी) हरी मसूर का भाव 27-28 सेंट प्रति पौंड, लाल मसूर की डिलीवरी कीमत 23.50 सेंट प्रति पौंड एवं छोटी मसूर का एफओबी मूल्य 21-22 सेंट प्रति पौंड के करीब बताया जा रहा है। बेलुगा मसूर का कारोबार 40 सेंट प्रति पौंड के मूल्य स्तर पर हो रहा है। लेकिन इसमें से किसी भी श्रेणी की मसूर में जोरदार मांग नहीं देखी जा रही है।
दरअसल भारत सहित अन्य एशियाई आयातकों का ध्यान ऑस्ट्रेलिया पर केन्द्रित है जहां इस वर्ष मसूर का उत्पादन तेजी से उछलकर 17 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया जा रहा है।
वहां नई फसल की कटाई-तैयारी आरंभ हो गई है और आगामी महीनों के शिपमेंट के लिए होने वाले अनुबंध के तहत ऑफर मूल्य पर दबाव बढ़ने लगा है। इससे कनाडाई उत्पादकों एवं निर्यातकों के लिए चुनौती बढ़ गई है। रूस में भी मसूर का अच्छा उत्पादन हुआ है।
कनाडाई मसूर की कीमतों में और भी गिरावट आ सकती थी लेकिन कमजोर बाजार भाव को देखते हुए उत्पादकों ने अपने स्टॉक की बिक्री की गति धीमी कर दी है। फसल की उपज दर एवं पैदावार के अनुमानित आंकड़े को देखते हुए लगता है
कि कनाडा में 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) के दौरान मसूर की आपूर्ति एवं उपलब्धता की कोई समस्या नहीं रहेगी। इसके फलस्वरूप विदेशी आयातक इसकी खरीद में कोई जल्दबाजी नहीं दिखा रहे हैं।
मोटी हरी मसूर की लिवाली में खरीदारों की थोड़ी-बहुत दिलचस्पी देखी जा रही है जबकि अन्य किस्मों में कारोबार सुस्त है। फसल कटाई के शुरुआती चरण में उत्पादकों ने मसूर की भारी बिकवाली का प्रयास किया था जिससे कीमतों में काफी गिरावट आ गई थी।
