अफ्रीकी देशों से काफी सस्ते दाम पर हो रहा है तुवर का आयात

12-Dec-2025 08:45 PM

मुम्बई। अफ्रीका महाद्वीप के प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देशों- तंजानिया, मोजाम्बिक एवं मलावी आदि से भारत में काफी सस्ते दाम पर तुवर की अच्छी मात्रा का आयात हो रहा है।

दाने की क्वालिटी के आधार पर इस तुवर का आयात खर्च महज 4900 से 5500 रुपए प्रति क्विंटल के बीच बैठ रहा है जबकि नई घरेलू फसल की तुवर का दाम 6700 से 7700 रुपए प्रति क्विंटल के बीच बताया जा रहा है।

म्यांमार की तुवर का दाम भी नीचे है जबकि अगले महीने से वहां नए माल की आवक शुरू होने पर कीमतों में कुछ और नरमी आ सकती है। भारत तुवर का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं आयातक देश है। 

व्यापार विश्लेषकों के मुताबिक पिछले साल इस समय अरहर (तुवर) का भाव 10,000 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास चल रहा था लेकिन अफ्रीकी देशों एवं म्यांमार से भारी मात्रा में नियमित रूप से आयात जारी रहने और घरेलू फसल की नई आवक भी शुरू हो जाने से इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ गई है

और इसके अनुरूप मांग तथा उठाव नहीं होने से कीमतों पर दबाव देखा जा रहा है। लातूर के एक अग्रणी व्यापारी का कहना है कि भारत में अफ्रीकी देशों से लगभग 8 लाख टन तथा म्यांमार से करीब 3-4 लाख टन तुवर का आयात हो सकता है। 

आई ग्रेन इंडिया द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में यानी अप्रैल-सितम्बर 2025 के दौरान भारत में तुवर का आयात सुधरकर 3.97 लाख टन के करीब पहुंच गया जो वर्ष 2024 की समान अवधि के आयात 3.53 लाख टन से 44 हजार टन ज्यादा रहा।

वित्त वर्ष 2024-25 की सम्पूर्ण अवधि (अप्रैल-मार्च) के दौरान भारत में तुवर का कुल आयात बढ़कर 12.23 लाख टन पर पहुंच गया था। 31 मार्च 2026 तक तुवर का आयात पूरी तरह शुल्क मुक्त रहेगा।