साप्ताहिक समीक्षा-मटर

02-May-2026 09:05 PM

मटर बाजार पर दबाव, मांग कमजोर रहने से गिरावट जारी

कानपुर। चालू सप्ताह के दौरान मटर बाजार में दबाव का माहौल बना रहा, जिसके चलते कीमतों में गिरावट का रुख देखने को मिला। बढ़ती बिकवाली और खरीदारों की कमजोर लिवाली के कारण पूरे सप्ताह बाजार सुस्त बना रहा तथा भावों में नरमी दर्ज की गई। सप्ताह की शुरुआत से ही बाजार को ऊंचे स्तर पर मांग का पर्याप्त समर्थन नहीं मिल पाया, जिससे तेजी टिक नहीं सकी। खरीदारों ने सतर्क रुख अपनाते हुए बड़े स्तर पर खरीदारी से दूरी बनाए रखी, जिसके कारण बाजार में सुस्ती बनी रही। मिलर्स और स्टॉकिस्टों की लिवाली भी सीमित रही, जिससे बाजार को अपेक्षित सहारा नहीं मिल पाया। मंडियों में आवक सामान्य बनी रहने के बावजूद मांग का अभाव बना रहा, जिससे सप्लाई का दबाव लगातार बढ़ता गया और कीमतों पर असर पड़ा।कुल मिलाकर चालू सप्ताह मटर बाजार के लिए कमजोर रहा, जहां बढ़ती बिकवाली और सीमित लिवाली के चलते कीमतों में गिरावट देखने को मिली तथा बाजार में सुस्ती का माहौल बना रहा। आयातकों की बिकवाली दबाव बढ़ने व मांग सुस्त बनी रहने से चालू साप्ताह के दौरान आयातित मटर की कीमतों में 50 रुपए प्रति क्विंटल का मंदा दर्ज किया गया और इस मंदे के साथ भाव सप्ताहंत में मुंद्रा बंदरगाह पर कनाडा मटर 3875/3900 रुपए रूस 3975/4000 रुपए व हजीरा बंदरगाह पर कनाडा 4025/4050 रुपए व रूस 3875/3900 रुपए प्रति क्विंटल रह गए। स्टाकिस्टों की बिकवाली का दबाव बढ़ने व लिवाली सुस्त बनी रहने से इस साप्ताह कानपुर मटर की कीमतों में 25 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी दर्ज की गयी और इस नरमी के साथ भाव 4250 रुपए प्रति क्विंटल रह गए। इसी प्रकार ललितपुर मटर की कीमतों में भी 50/100 रुपए प्रति घटकर सप्ताहंत में 3700/4150 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी। राठ मटर भी 100 रुपए प्रति क्विंटल घटकर सप्ताहंत में 4100 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी। ग्राहकी का अभाव बना रहने से मऊरानीपुर मटर में भी 50 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट के साथ भाव सप्ताहंत में 3900/4000 रुपए प्रति क्विंटल रह गए। चौतरफा गिरावट के असर से मध्य प्रदेश मटर की कीमतों में भी 50/75 रुपए प्रति क्विंटल की मंदी दर्ज की गयी और इस मंदी के साथ भाव सप्ताहंत में बीना 3800/4200 रुपए व दमोह 4000/4225 रुपए प्रति क्विंटल रह गए। 
कनाडा 
सीजनल कारणों से पश्चिमी कनाडा की मंडियों में मटर की मांग और कीमतों में नरमी देखी जा रही है। पीली मटर 8.40-8.50 डॉलर प्रति बुशेल, हरी मटर करीब 10 डॉलर तथा मापले मटर 11.00-12.00 डॉलर प्रति बुशेल पर स्थिर बनी हुई है। व्यापार विश्लेषकों के अनुसार चीन और भारत में मांग बढ़ने के संकेत हैं, लेकिन रूस में बिजाई क्षेत्र बढ़ने से उत्पादन बढ़ सकता है। इससे वैश्विक बाजार में कनाडा को कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है। कनाडा में मटर की बिजाई शुरू हो चुकी है और मौसम अनुकूल बना हुआ है। नई फसल अगस्त से मंडियों में आने लगेगी। अगली फसल के अग्रिम सौदों में पीली मटर 7-8 डॉलर, हरी मटर 9 डॉलर और मापले मटर 10.00-11.50 डॉलर प्रति बुशेल के स्तर पर कारोबार कर रही है।
मटर दाल  
मांग सुस्त बनी रहने से चालू साप्ताह के दौरान मटर दाल की कीमतों में 100 रुपए प्रति क्विंटल की मंदी देखी गयी और सप्ताहंत में भाव कानपुर 4400/4600 रुपए व इंदौर 4600/4700 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी।