Home News
30-Sep-2026 05:44 PM
नई दिल्ली। पीक त्यौहारी माह के दौरान मांग एवं खपत में होने वाली बढ़ोत्तरी को ध्यान में रखते हुए केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने अक्टूबर 2026 के आरम्भिक 15 दिनों के दौरान घरेलू प्रभाग में बेचने हेतु समस्त देश की मिलों के लिए 14 लाख टन चीनी का भारी-भरकम कोटा निर्धारित किया है जो सितम्बर के शुरूआती 15 दिनों के लिए घोषित कोटा 13 लाख टन तथा अंतिम 15 दिनों के लिए नियत कोटा 13.50 लाख टन से (अलग-अलग) ज्यादा है।
उल्लेखनीय है कि अक्टूबर के प्रथम पखवाड़े के दौरान देश में अनेक पर्व-त्यौहार मनाए जाएंगे जिससे चीनी की घरेलू मांग मजबूत रहने की संभावना है। 10 अक्टूबर तक पितर पक्ष रहेगा और उसके बाद नवरात्रि आरंभ हो जाएगी। अक्टूबर के शुरूआती 15 दिनों के लिए घोषित 14 लाख टन चीनी का विशाल फ्री सेल कोटा न केवल मांग एवं जरूरत को पूरा करने में सक्षम हो सकता है बल्कि कीमतों पर दबाव भी डाल सकता है। स्वयं सरकार भी यही चाहती है कि त्यौहारी सीजन के दौरान आम लोगों को उचित मूल्य पर चीनी की पर्याप्त आपूर्ति एवं उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
अगस्त में चीनी का भाव उछलकर सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंचने से चिंतित सरकार ने एहतियाती कदम उठाते हुए पूरे सितम्बर माह के लिए कुल 26.50 लाख टन चीनी का भारी-भरकम फ्री सेल कोटा जारी कर दिया जिससे कीमतों को नीचे आने में मदद मिली। सितम्बर 2025 में 28.50 लाख टन तथा अक्टूबर 2025 में 24 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा घोषित हुआ था जबकि अक्टूबर 2024 में इसकी मात्रा 25.50 लाख टन नियत की गई थी।
आमतौर पर नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं दहशरा के समय चीनी की घरेलू मांग एवं खपत बढ़ जाती है। इस बार भी ऐसा ही होगा इसलिए 14 लाख टन के विशाल कोटे के बावजूद चीनी के दाम में जोरदार गिरावट आना मुश्किल लगता है। मांग एवं आपूर्ति के बीच संतुलन रहने की उम्मीद है।